एमएपीएस में नेतृत्व का उत्सव: इन्वेस्टिचर सेरेमनी में छात्रों ने संभाली जिम्मेदारी
सुधीर एस हलवासिया बोले—आज के छात्र ही कल के राष्ट्र निर्माता

निश्चय टाइम्स न्यूज नेटवर्क
Maharaja Agrasen Public School (एमएपीएस), मोती नगर शाखा में इन्वेस्टिचर सेरेमनी का भव्य आयोजन उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय समिति के गणमान्य सदस्य एवं अभिभावकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी विशेष बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रिंसिपल सुश्री रुचि पुरी ने नव-निर्वाचित छात्र परिषद के पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और उन्हें उनके पदों की जिम्मेदारी सौंपी। हेड बॉय के रूप में इस्मीत सिंह और हेड गर्ल के रूप में माहिवा पांडेय ने पदभार ग्रहण किया। साथ ही विभिन्न हाउस कैप्टनों ने भी अपने कर्तव्यों का संकल्प लिया।

पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल ने अपने आशीर्वचन में कहा कि ये पदाधिकारी विद्यालय की गरिमा को बनाए रखते हुए ईमानदारी और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। इस अवसर पर सभी पदाधिकारियों को उनके आधिकारिक बैज पहनाए गए, जो उनके प्रति विश्वास और उत्तरदायित्व का प्रतीक हैं।
मंत्री Sudhir S Halwasiya ने कहा कि इन्वेस्टिचर सेरेमनी केवल पद वितरण नहीं, बल्कि नेतृत्व की परंपरा को आगे बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि यही युवा आने वाले समय में देश का भविष्य गढ़ेंगे।
कार्यक्रम में अध्यक्ष देशराज अग्रवाल, उपाध्यक्ष विनोद अग्रवाल, कोषाध्यक्ष जितेंद्र जिंदल, संयुक्त मंत्री अमित अग्रवाल, पार्षद रूप चंद्र अग्रवाल और मीडिया प्रभारी सुधीश गर्ग सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



