कानपुर यूनिवर्सिटी में हाईटेक N-GEN डाकघर का शुभारंभ
डिजिटल सेवाओं से लैस नया पोस्ट ऑफिस छात्रों के लिए बना खास केंद्र

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क |
कानपुर परिक्षेत्र में डाक सेवाओं के आधुनिकीकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए Chhatrapati Shahu Ji Maharaj University परिसर में प्रथम N-GEN (नेक्स्ट जेनरेशन) मॉडल पर आधारित नवीनीकृत उप डाकघर का भव्य लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रो० Sudhir Kumar Awasthi तथा Pranav Kumar, चीफ पोस्टमास्टर जनरल, उत्तर प्रदेश सर्किल, लखनऊ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत पोस्टमास्टर जनरल कानपुर परिक्षेत्र Ashok Kumar Yadav के स्वागत भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने बताया कि N-GEN डाकघर आधुनिक तकनीक और डिजिटल सेवाओं से लैस है, जो विशेष रूप से छात्रों और युवाओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। उन्होंने कहा कि डाक विभाग एडवांस्ड पोस्टल टेक्नोलॉजी (APT) के माध्यम से डिजिटल परिवर्तन के नए युग में प्रवेश कर चुका है।
अपने संबोधन में प्रणव कुमार ने विश्वविद्यालय प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल डाक सेवाओं को अधिक प्रभावी और तकनीकी रूप से उन्नत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वहीं प्रो० अवस्थी ने विश्वविद्यालय और डाक विभाग के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर देते हुए प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों के साथ एमओयू की भी बात रखी।
इस अवसर पर कुलसचिव Rakesh Kumar Mishra सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम में फाइन आर्ट्स विभाग के 8 विद्यार्थियों को डाकघर के सौंदर्यीकरण में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
डाकघर परिसर को कानपुर की सांस्कृतिक पहचान से जोड़ते हुए IIT Kanpur, जे.के. मंदिर, ग्रीन पार्क स्टेडियम और लाल इमली जैसे प्रमुख स्थलों के आकर्षक चित्रों से सजाया गया है। साथ ही सेल्फी प्वाइंट और आधार सेवा केंद्र की स्थापना भी की गई है।
यह आधुनिक उप डाकघर न केवल डाक सेवाओं को सुदृढ़ करेगा, बल्कि छात्रों और नागरिकों को तेज, सुरक्षित और डिजिटल सुविधाओं का नया अनुभव भी प्रदान करेगा।



