कानपुर

गोकुलधाम योजना की लॉटरी सम्पन्न, 163 परिवारों का अपने घर का सपना हुआ साकार

🎉 पारदर्शी प्रक्रिया में 25 आवेदक प्रतीक्षा सूची में, अटल बिहारी बाजपेयी प्रेक्षागृह में हुआ आयोजन

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत मगरवारा, उन्नाव स्थित गोकुलधाम योजना की बहुप्रतीक्षित लॉटरी प्रक्रिया सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। केडीए के उपाध्यक्ष श्री मदन सिंह गब्र्याल एवं सचिव श्री अभय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में डॉ. रवि प्रताप सिंह (विशेष कार्याधिकारी/उप जिलाधिकारी) की देखरेख में 19 फरवरी 2026 को आयोजित इस लॉटरी में 218 अवशेष फ्लैटों के सापेक्ष 163 आवेदकों को फ्लैट आवंटित किए गए, जबकि 25 आवेदकों को प्रतीक्षा सूची में रखा गया।

यह फ्लैट निजी विकासकर्ता मेसर्स ट्रेड स्टोन लिमिटेड द्वारा आरक्षित श्रेणी के शेष रिक्त आवासों के लिए उपलब्ध कराए गए थे। पंजीकरण प्रक्रिया 4 फरवरी 2025 से 5 मार्च 2025 तक निर्धारित बैंक के माध्यम से सम्पन्न हुई, जिसमें कुल 242 आवेदन प्राप्त हुए। पात्रता जांच के बाद 221 आवेदकों की सूची जारी कर 7 जनवरी से 15 जनवरी 2026 तक आपत्तियां आमंत्रित की गईं।

सभी आपत्तियों के निस्तारण के बाद लॉटरी कार्यक्रम का आयोजन प्राधिकरण भवन स्थित अटल बिहारी बाजपेयी प्रेक्षागृह में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सचिव श्री अभय कुमार पाण्डेय द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

लॉटरी की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए एलईडी स्क्रीन पर पूरी प्रक्रिया का सीधा प्रसारण किया गया और संपूर्ण कार्यक्रम की वीडियोग्राफी भी कराई गई। जिलाधिकारी उन्नाव द्वारा नामित अधिकारी (एडीएम), परियोजना अधिकारी, प्राधिकरण स्टाफ और पुलिस बल की मौजूदगी में प्रक्रिया शांतिपूर्वक सम्पन्न हुई।

सफल आवेदकों ने अपने नाम की घोषणा होते ही खुशी व्यक्त की और प्राधिकरण का आभार जताया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि पूर्व आवंटित फ्लैटों में कोई रद्दीकरण या रिफंड होता है तो प्रतीक्षा सूची के आवेदकों को आरक्षण के आधार पर प्राथमिकता दी जाएगी।

यह आयोजन पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुशासन का उदाहरण बना।

Related Articles

Back to top button