लखनऊ में रफ्तार का कहर: तेज कार ने दो युवकों को कुचला,
लखनऊ में रफ्तार का कहर: तेज कार ने दो युवकों को कुचला, चालक फरारCCTV में कैद हादसा, दोनों घायल गंभीर—इलाके में दहशत और गुस्सा

निश्चय टाइम्स न्यूज नेटवर्क
Lucknow के विभूति खंड क्षेत्र में सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर जा रहे दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। यह हादसा बीएसएनएल ऑफिस, विशेष खंड के सामने चाय की टपरी के पास हुआ, जहां नीले रंग की कार (UP32HT7802) ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए दोनों को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि अभिनव शुक्ला हवा में उछलकर कार के शीशे से टकरा गए, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और वे बेहोश हो गए। वहीं प्रतीक शर्मा को भी गंभीर चोटें आई हैं—उनके पैर में फ्रैक्चर के साथ सिर और पसलियों में चोटें आई हैं। दोनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया, जिससे लोगों में आक्रोश है। घटना का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें कार की तेज रफ्तार और टक्कर का पूरा दृश्य स्पष्ट दिखाई दे रहा है।
स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही लगातार बढ़ रही है और प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।



