लोहिया संस्थान में स्वास्थ्य सेवाओं को नई रफ्तार
🏗️ राज्यपाल ने पीआरए भवन का शिलान्यास, आधुनिक रेडियोलॉजी का लोकार्पण

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क | डी एफ हिंदी
प्रदेश की राज्यपाल Anandiben Patel ने Dr. Ram Manohar Lohia Institute of Medical Sciences में ‘पेशेंट रिलेटिव अकोमोडेशन (पीआरए)’/रैन बसेरा भवन का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। यह भवन दूर-दराज से आने वाले मरीजों के तीमारदारों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।
राज्यपाल ने संस्थान के रेडियोलॉजी डायग्नोस्टिक ब्लॉक में अत्याधुनिक सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे सुविधाओं का लोकार्पण भी किया तथा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि पीआरए भवन के उपयोग के लिए स्पष्ट और पारदर्शी नियम बनाए जाएं, ताकि गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों को प्राथमिकता मिल सके।
स्वच्छता और अनुशासन पर जोर देते हुए राज्यपाल ने कहा कि अस्पताल परिसर में बाहरी खाद्य पदार्थों के अनियंत्रित प्रवेश पर रोक लगे और मरीजों के लिए निर्धारित आहार व्यवस्था का कड़ाई से पालन हो। उन्होंने गर्भवती महिलाओं के मार्गदर्शन हेतु ‘गर्भ संस्कार’ केंद्र स्थापित करने का सुझाव भी दिया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री Brajesh Pathak ने कहा कि पीआरए भवन और अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक सेंटर का शुभारंभ प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने संस्थान की चिकित्सा, शोध और रोगी सेवा में उल्लेखनीय उपलब्धियों की सराहना की।
कार्यक्रम में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



