7 जून को मनाई जाएगी बकरीद
मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने की अपील
साफ-सफाई और धार्मिक भावनाओं का विशेष ध्यान रखने की सलाह
निश्चय टाइम्स, लखनऊ। बकरीद का पर्व नजदीक आते ही देशभर में तैयारियाँ जोरों पर हैं। इस वर्ष बकरीद 7 जून, शनिवार को मनाई जाएगी। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया की ओर से इस पावन पर्व को शांतिपूर्ण और साफ-सुथरे ढंग से मनाने के लिए 12 बिंदुओं वाली एडवाइजरी जारी की गई है। मौलाना ने बताया कि इस बार बकरीद की कुर्बानी 7, 8 और 9 जून को दी जा सकती है। इस दौरान सभी को चाहिए कि वह ऐसे जानवरों की ही कुर्बानी करें जिन पर किसी भी प्रकार का कानूनी प्रतिबंध नहीं हो।
बकरीद के लिए मुख्य गाइडलाइंस
1. कुर्बानी उन्हीं जानवरों की करें, जिन पर सरकार की बंदिश नहीं है।
2. कुर्बानी करने के बाद जानवरों के अवशेष खुले में न फेंकें।
3. मांस का एक-तिहाई हिस्सा जरूरतमंदों को जरूर दें।
4. मांस को खुले में न ले जाएं, जब अच्छी तरह से पैक हो जाए उसके बाद ही ले जाएं।
5. नमाज के दौरान गर्मी से राहत, फिलिस्तीन में रहम और अपने मुल्क की हिफाजत के लिए दुआ करें।
6. कुर्बानी के दौरान साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।
7. ध्यान रखे कि कुर्बानी सार्वजनिक जगहों पर न करें।
8. कुर्बानी करते समय न फोटो खींचें और ना ही वीडियो बनाएं।
9. कुर्बानी के बाद खून को नालियों में न बहाएं बल्कि जमीन में दफन कर दें।
10. कुर्बानी के बाद जानवर के अपशिष्ट को सड़कों या सार्वजनिक स्थानों पर ना फेंके बल्कि नगर निगम के कूड़ेदान में फेंके।
11. कुर्बानी करते समय दूसरों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करें।
12. प्रशासन और नगर निगम द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें।
