जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में एक रहस्यमयी बीमारी ने 16 लोगों की जान ले ली है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। अधिकारियों ने इस बीमारी के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है, लेकिन दो महीने बाद भी इसका कारण अज्ञात बना हुआ है। इस बीमारी से प्रभावित बधाल गांव के तीन परिवारों के 16 सदस्य अपनी जान गवा चुके हैं, जिसमें हाल ही में सात मौतें हुई हैं।
मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने बताया कि इन मौतों के कारणों की जांच के लिए स्वास्थ्य एजेंसियां कार्य कर रही हैं, लेकिन अब तक वायरल, बैक्टीरियल या फंगल संक्रमण का कोई प्रमाण नहीं मिला है। वहीं, क्षेत्रीय अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों के घरों को सील कर दिया है और उनके करीबी रिश्तेदारों को कड़ी निगरानी में रखा है।
जम्मू में स्वास्थ्य आपातकाल की संभावना से इनकार करते हुए डुल्लू ने कहा कि यह केवल तीन परिवारों तक सीमित है। हालांकि, पुलिस ने मौतों की जांच के लिए एक 11 सदस्यीय SIT का गठन किया है। इस बीच, एक गंभीर स्थिति में फंसी एक लड़की यास्मीन कौसर को जीवन रक्षक उपकरणों पर रखा गया है।
अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी खाद्य पदार्थों और दवाओं के नमूने जांच के लिए प्रयोगशालाओं में भेजे हैं, ताकि बीमारी के स्रोत का पता चल सके।
Back to top button