कार्मिक विभाग ने रविवार को जारी किए तबादले आदेश
निश्चय टाइम्स, लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग ने रविवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 18 पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस तबादले से कई जिलों के डीएम ऑफिस, नगर निगमों और विकास प्राधिकरणों के कार्यप्रणाली में बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है। इन आदेशों को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। इन तबादलों की सूची में लखनऊ, गाजियाबाद, प्रयागराज, वाराणसी, बरेली, रामपुर, आज़मगढ़ जैसे प्रमुख जिले शामिल हैं। सबसे उल्लेखनीय नामों में रौशनी यादव का है जिन्हें लखनऊ का नया अपर जिलाधिकारी (ADM) नियुक्त किया गया है। रौशनी यादव इससे पहले विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर प्रशासनिक अनुभव प्राप्त कर चुकी हैं।
कुछ प्रमुख तबादले इस प्रकार हैं:
-
गंभीर सिंह, जो अभी तक अपर जिलाधिकारी नगर गाजियाबाद थे, को अब अपर जिलाधिकारी आज़मगढ़ बनाया गया है।
-
हनुमान प्रसाद, लखनऊ में ADM (न्यायिक) के पद पर कार्यरत थे, अब अपर जिलाधिकारी रामपुर के रूप में तैनात किए गए हैं।
-
अंबरीश कुमार बिंद, अपर नगर आयुक्त, नगर निगम प्रयागराज से स्थानांतरित होकर अब नगर मजिस्ट्रेट बरेली बने हैं।
-
राजीव कुमार राय, जो अभी तक वाराणसी नगर निगम में अपर नगर आयुक्त थे, उन्हें उपनिदेशक, मंडी परिषद, लखनऊ का दायित्व सौंपा गया है।
सरकार द्वारा किया गया यह फेरबदल प्रशासनिक दक्षता और जवाबदेही को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
