सम्पूर्ण समाधान दिवस में 521 शिकायतें, जिलाधिकारी सख्त—एक हफ्ते में निस्तारण का आदेश
तहसील सदर में डीएम की सख्ती, मौके पर 26 मामलों का समाधान

निश्चय टाइम्स न्यूज नेटवर्क
लखनऊ में प्रशासनिक सक्रियता का बड़ा उदाहरण उस समय देखने को मिला जब District Magistrate की अध्यक्षता में जनपद की पांचों तहसीलों में “सम्पूर्ण समाधान दिवस” का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 521 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 102 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
तहसील सदर में आयोजित समाधान दिवस में 73 मामलों में से 26 का तत्काल समाधान किया गया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को सख्त निर्देशों के साथ भेजा गया कि उनका निस्तारण एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनसामान्य की समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर शिकायत का निस्तारण विधिक प्रक्रिया के तहत तय समय सीमा में किया जाए और शिकायतकर्ताओं को इसकी जानकारी भी दी जाए।
अन्य तहसीलों की बात करें तो मलिहाबाद में 72 में से 6, बीकेटी में 99 में से 20, मोहनलालगंज में 160 में से 36 और सरोजनीनगर में 117 में से 14 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया।
शिकायतों की श्रेणी में पुलिस से संबंधित 140, राजस्व 210, विकास 40, नगर निगम 16 और अन्य विभागों से जुड़े 94 मामले शामिल रहे।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि सभी निस्तारित प्रकरणों की फोटो और वीडियो सहित रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही, निस्तारण के बाद शिकायतकर्ताओं से कॉल कर फीडबैक लेना भी अनिवार्य किया गया है, ताकि पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश सिंह, उप जिलाधिकारी मनोज सिंह, तहसीलदार जेपी सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



