जापान में 6.7 तीव्रता का भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी
निश्चय टाइम्स, डेस्क। जापान के उत्तरी हिस्सों होक्काइदो और तोहोकू में शुक्रवार को 6.7 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया। इससे लोग भयभीत होकर बाहर निकल आए। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) ने उत्तर प्रशांत तट के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की है। यह झटका उस 7.5 तीव्रता वाले भूकंप के बाद आया है, जो सोमवार देर रात आया था, और जिसके बाद लगातार आफ्टरशॉक्स की संभावना जताई जा रही थी। जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने कहा कि राहत और बचाव कार्य जारी हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। उन्होंने बताया, “हम लोगों की जान को प्राथमिकता दे रहे हैं और पूरी क्षमता से काम कर रहे हैं।”मुख्य कैबिनेट सचिव मिनोरू किहारा के अनुसार, लगभग 800 घरों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई। सावधानी के तौर पर शिंकान्सेन (बुलेट ट्रेन) और कई स्थानीय ट्रेनों को अस्थायी रूप से रोक दिया गया, लेकिन बाद में ईस्ट जापान रेलवे ने सेवाएं बहाल कर दीं। तोहोकू इलेक्ट्रिक पावर कंपनी ने बताया कि अधिकांश इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने आने वाले दिनों में आफ्टरशॉक्स की आशंका जताई है और कहा कि चिबा (टोक्यो के पूर्व) से लेकर होक्काइदो तक 8 तीव्रता के बड़े भूकंप और संभावित सुनामी का खतरा थोड़ा बढ़ा है।

