दिल्ली में 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि दिल्ली में विधानसभा चुनाव एक चरण में पांच फरवरी को होंगे। मतगणना आठ फरवरी को होगी। चुनाव आयोग ने मतदाताओं और राजनीतिक दलों के लिए कई निर्देश जारी किए हैं।
चुनाव आयोग के निर्देश और तैयारियां
मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि दिल्ली में कुल मतदाता संख्या 1.55 करोड़ है, जिसमें 85 लाख पुरुष और 71 लाख महिला मतदाता हैं। मतदान के लिए 13,000 से ज्यादा पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। बुजुर्गों और दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए व्हीलचेयर और रैंप की व्यवस्था की गई है।
चुनाव आयोग ने राजनीतिक दलों को आचार संहिता का पालन करने और प्रचार के दौरान महिलाओं के खिलाफ असंवेदनशील भाषा का उपयोग न करने की नसीहत दी है।
EVM पर विवादों को किया खारिज
ईवीएम से छेड़छाड़ के आरोपों को खारिज करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि ईवीएम और वीवीपैट प्रणाली पूरी तरह से सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि ईवीएम में गड़बड़ी या अवैध वोट डालने की कोई संभावना नहीं है। सभी प्रक्रियाएं पारदर्शी तरीके से एजेंट्स की उपस्थिति में पूरी की जाती हैं।
AAP का दावा: बनेगी हमारी सरकार
आम आदमी पार्टी (AAP) नेता मनीष सिसोदिया ने विश्वास जताते हुए कहा कि पांच फरवरी को जनता वोट डालने जरूर जाएगी और आठ फरवरी को एक बार फिर से आप की सरकार बनेगी।