गोंडा। 8 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़े गए आवास विकास विद्युत वितरण खंड प्रथम के एसएसओ (सब स्टेशन ऑपरेटर) अम्बेश श्रीवास्तव को बृहस्पतिवार को गोरखपुर के भ्रष्टाचार निवारण न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस मामले में आरोपी जेई जितेंद्र मिश्र की तलाश के लिए टीम लगाई गई है।
धानेपुर के रेतवागाड़ा चिड़ियापुर निवासी संजीव शुक्ल लक्ष्मणपुरी कॉलोनी में मकान का निर्माण करा रहे हैं। उन्होंने मकान में विद्युत कनेक्शन के लिए 8 दिसंबर 2024 को आवेदन किया था। इसके बाद से उनसे पैसे की मांग की जा रही थी। शिकायत पर भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने बुधवार को एसएसओ अम्बेश श्रीवास्तव को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। इस मामले में जेई जितेंद्र मिश्र का नाम भी सामने आया है।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम के प्रभारी धनंजय कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी गई है।
वहीं, मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के प्रभारी अधीक्षण अभियंता राधेश्याम भास्कर ने बताया कि अभी कोई लिखित रिपोर्ट नहीं मिली है। मामले में नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
