उत्तर प्रदेश की मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चंद्रभानु पासवान ने समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी अजीत प्रसाद को 61,710 मतों के अंतर से हराया। निर्वाचन आयोग के अनुसार, पासवान को 1,46,397 वोट मिले, जबकि प्रसाद को 84,687 मत प्राप्त हुए।
सपा की हार पर फैजाबाद से सांसद अवधेश प्रसाद ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा, “वोट की लूट हुई है, यह लोकतंत्र की हत्या है। चुनाव आयोग लाचार दिखा और योगी सरकार के दबाव में काम करता नजर आया।”
उन्होंने आरोप लगाया कि “एसडीएम खुद वोट डाल रहे थे और पुलिस-प्रशासन पूरी तरह भाजपा के इशारे पर काम कर रहा था।” उन्होंने दावा किया कि “कम से कम 80-85 हजार फर्जी वोट डाले गए, और चुनाव आयोग इस पर चुप्पी साधे रहा।”
सांसद अवधेश प्रसाद ने आगे कहा कि “भाजपा ने रामराज्य की मर्यादा को चकनाचूर कर दिया है। यहां वोटों की लूट हुई और विपक्ष को दबाने के लिए प्रशासन का दुरुपयोग किया गया।” उन्होंने यह भी कहा कि जनता आज भी अजीत प्रसाद को ही विधायक मान रही है, जबकि “सरकार, पुलिस और चुनाव आयोग ने मिलकर भाजपा प्रत्याशी को जिताया है।”
बता दें कि यह उपचुनाव फैजाबाद सांसद अवधेश प्रसाद के लोकसभा जाने के कारण हुआ था, जिससे यह सीट रिक्त हो गई थी।