
दिल्ली में अरविंद केजरीवाल से मुलाकात के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार जनहित में काम कर रही है और पंजाब को पूरे देश के लिए मॉडल राज्य बनाएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब में स्कूलों और अस्पतालों का कायाकल्प किया गया है और दिल्ली की टीम का अनुभव राज्य में भी इस्तेमाल होगा।
बीजेपी पर निशाना, कांग्रेस पर तंज
सीएम मान ने कहा कि तीन साल में 50,000 से ज्यादा नौकरियां दी गईं, वह भी बिना भ्रष्टाचार के। उन्होंने दिल्ली चुनाव में पार्टी की हार पर कहा कि बीजेपी ने पैसे बांटे और गुंडागर्दी की। कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा के बयान पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कहने को कुछ नहीं है, वे पहले अपने विधायकों की संख्या गिन लें।
AAP में बढ़ती नाराजगी?
सूत्रों के मुताबिक, अमृतसर, जालंधर, लुधियाना और बॉर्डर बेल्ट के 17-18 विधायक सीएम मान से नाराज हैं और केजरीवाल से अलग बैठक कर सकते हैं। इससे पंजाब की सियासत गरमा गई है।
AAP के पास 94 विधायक, कांग्रेस का 30 विधायकों से संपर्क का दावा
पंजाब में आम आदमी पार्टी के 94 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस नेता बाजवा ने दावा किया कि उनकी पार्टी के संपर्क में 30 से ज्यादा आप विधायक हैं। इस दावे के बाद केजरीवाल ने सभी विधायकों और मंत्रियों को दिल्ली बुलाया।
कैबिनेट बैठक कई बार स्थगित
राज्य कैबिनेट बैठक 6 फरवरी को होनी थी, लेकिन इसे अब 13 फरवरी तक टाल दिया गया। बताया जा रहा है कि बैठक में विधायकों को जनता से जुड़े रहने और सत्ता के प्रभाव से बचने की सलाह दी जाएगी।


