अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2025: लखनऊ में भव्य आयोजन, महिलाओं को किया गया सम्मानित

लखनऊ, उत्तर प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2025 का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को जागरूक करना, उनके अधिकारों की रक्षा करना और समाज में उनकी भूमिका को और सशक्त बनाना था। इस साल की थीम “महिलाओं के समावेशी विकास और सशक्तिकरण हेतु त्वरित कार्यवाई” रखी गई।
कार्यक्रम लखनऊ के भागीदारी भवन में आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेश की महिला कल्याण मंत्री बेबी रानी मौर्य, राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव, प्रमुख सचिव लीना जौहरी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर महिलाओं की सुरक्षा और कल्याण के लिए काम करने वाली कई महिलाओं को सम्मानित किया गया।

वन स्टॉप सेंटर के लिए रेस्क्यू वाहनों की शुरुआत
महिला सुरक्षा को मजबूत करने के लिए वन स्टॉप केंद्रों के लिए विशेष रेस्क्यू वाहनों को हरी झंडी दिखाई गई। ये वाहन संकट में फंसी महिलाओं को तुरंत सहायता पहुंचाने के लिए काम करेंगे।
बाल विवाह रोकने वाली महिलाओं को सम्मान
प्रदेश में बाल विवाह रोकने के लिए बेहतरीन काम करने वाली महिलाओं को भी सम्मानित किया गया। जालौन की सावित्री, गोरखपुर की रौशनी पासवान, गाजीपुर की आंचल यादव, बलरामपुर की शिवानी और आगरा की पूनम राजपूत को प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया।

महिला विकास योजनाओं के लाभार्थियों को मिला संकेतिक चेक
इस मौके पर प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के लाभार्थियों को भी संकेतिक चेक प्रदान किए गए, जिससे महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलेगी।
मंत्री बेबी रानी मौर्य का संबोधन
मुख्य अतिथि बेबी रानी मौर्य ने महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि “महिला शक्ति समाज और देश में बदलाव ला सकती है। महिलाएं किसी भी समस्या से निपटने में सक्षम हैं और सरकार उनके उत्थान के लिए लगातार प्रयास कर रही है।”

राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला और महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने भी महिलाओं के उत्थान के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं पर प्रकाश डाला और सभी महिलाओं से इनका अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी, यूनिसेफ और अन्य संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।



