उत्तर प्रदेश

प्रदेश सरकार के आठ साल पूरे होने पर स्वास्थ्य विभाग का विशेष कार्यक्रम

लखनऊ: प्रदेश सरकार के आठ साल पूरे होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में तीन दिवसीय आयोजन शुरू हुआ। इसी क्रम में बुधवार को चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा “स्वास्थ्य विभाग के नए आयाम” कार्यक्रम आयोजित किया गया।

स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार पर जोर

मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि डॉक्टर और नर्स धरती पर भगवान समान होते हैं। मरीज को दवा और इंजेक्शन से अधिक राहत मृदु भाषा और अच्छे व्यवहार से मिलती है। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सहित सभी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा ने कहा कि योगी सरकार के नेतृत्व में बीते आठ वर्षों में स्वास्थ्य सेवाओं में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.बी. सिंह ने विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान, ई-वाउचर, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, आयुष्मान भारत योजना, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

स्वास्थ्य सेवाओं में अभूतपूर्व प्रगति

  • जनपद में अब तक 27,000 गर्भवती महिलाओं को ई-वाउचर जारी किए गए।
  • कोविड-19 के 95 लाख से अधिक टीके लगाए गए।
  • 70 वर्ष से अधिक आयु के लगभग 30,000 बुजुर्गों को आयुष्मान कार्ड जारी किए गए।
  • 9 लाख से अधिक लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड जारी किए गए।
  • 52 सरकारी और 270 निजी अस्पतालों ने अब तक 4 लाख लाभार्थियों को 608 करोड़ रुपये की चिकित्सा सहायता प्रदान की।

विशेषज्ञों के विचार

केजीएमयू के पल्मोनरी मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष डॉ. सूर्यकांत ने बताया कि प्रधानमंत्री ने 2025 तक टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य रखा है। डॉ. संदीप तिवारी ने बताया कि भारत में हर साल 1.5 लाख लोग सड़क दुर्घटनाओं में मारे जाते हैं और अस्सी प्रतिशत मौतें रोकी जा सकती हैं।

आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के संयुक्त निदेशक डॉ. मोहित सिंह ने बताया कि लखनऊ आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) निर्माण में प्रदेश में पहले स्थान पर है।

स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

कार्यक्रम के पहले दिन 303 और दूसरे दिन 787 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। इस मौके पर बाल रोग, महिला रोग, नाक-कान-गला, आयुर्वेद, होम्योपैथी सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के स्टॉल लगाए गए, जहां विशेषज्ञों ने सेवाएं दीं।

इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम.एस. सिद्दीकी, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. ए.के. सिंघल, अन्य वरिष्ठ चिकित्सक, मेडिकल और नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राएं एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button