Waqf Bill Row: वक्फ बिल को जबरन पारित कराने वाले सोनिया के बयान पर भड़के ओम बिरला

नई दिल्ली: वक्फ संशोधन विधेयक, 2024 को लेकर कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी द्वारा दिए गए बयान पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कड़ी आपत्ति जताई है। सोनिया गांधी ने कांग्रेस संसदीय दल की बैठक में कहा था कि यह बिल “जबरन पारित” किया गया, जिसे उन्होंने संविधान पर हमला और समाज को ध्रुवीकृत करने की भाजपा की रणनीति करार दिया।
इस बयान पर शुक्रवार को लोकसभा में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने आपत्ति जताते हुए स्पीकर से इसे संज्ञान में लेने की मांग की। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक वरिष्ठ सदस्य ने सदन की कार्यवाही पर संदेह जताया। उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि यह संसदीय लोकतंत्र की गरिमा के खिलाफ है। ओम बिरला ने स्पष्ट किया कि वक्फ संशोधन विधेयक पर लोकसभा में 13 घंटे 53 मिनट तक बहस हुई, जिसमें विभिन्न दलों के कई सांसदों ने हिस्सा लिया। विधेयक पर तीन बार मत विभाजन हुआ और पूरी प्रक्रिया नियमों के अनुसार पूरी की गई। उन्होंने कहा कि देर रात तक चली गंभीर चर्चा के बावजूद यह कहना कि विधेयक जबरन पारित किया गया, संसद की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला बयान है।
विवाद अब राजनीतिक रूप से और गर्म हो चुका है, क्योंकि वक्फ संशोधन बिल को लेकर विपक्ष और सरकार के बीच पहले से ही खींचतान चल रही थी। राज्यसभा में भी इस मुद्दे पर तीखी बहस की संभावना है।



