शादी के चार दिन बाद छिन गया सुहाग: पहलगाम आतंकी हमले में अधिकारी की मौत

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने एक नवविवाहित दुल्हन की जिंदगी को गहरे सदमे में डाल दिया है। यह दर्दनाक घटना उन लोगों की आंखें नम कर देगी जो प्यार, सपनों और नए जीवन की शुरुआत को समझते हैं। हमले में शहीद हुए नौसेना अधिकारी विनय नरवाल की शादी 16 अप्रैल को हुई थी और वह अपनी पत्नी के साथ हनीमून मनाने कश्मीर गए थे। लेकिन किसे पता था कि यह यात्रा उनके जीवन की आखिरी यात्रा बन जाएगी।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक तस्वीर में विनय की पत्नी अपने पति की लाश के सामने पत्थराई निगाहों से बैठी दिखाई दे रही है। यह दृश्य इतना भावुक कर देने वाला है कि जिसे देखकर किसी का भी कलेजा फट सकता है। एक नई-नवेली दुल्हन, जिसने अभी-अभी अपने जीवन की नई शुरुआत की थी, अचानक वैधव्य के भयानक सन्नाटे में चली गई। 26 वर्षीय विनय नरवाल दो साल पहले ही भारतीय नौसेना में शामिल हुए थे और वर्तमान में कोच्चि में तैनात थे। 19 अप्रैल को उनका विवाह समारोह (रिसेप्शन) हुआ था। विनय अपने परिवार और भविष्य को लेकर बेहद उत्साहित थे। उनके पड़ोसियों और जानने वालों ने उन्हें एक होनहार, जिम्मेदार और ऊर्जावान युवा बताया है। सभी को उनकी असमय मौत ने झकझोर कर रख दिया है।

नरेश बंसल नामक पड़ोसी ने बताया, “शादी के बस चार दिन बाद ही विनय की मौत की खबर आई। हम सब बहुत खुश थे, लेकिन यह खबर सुनते ही गांव में मातम पसर गया।” यह हमला न सिर्फ एक सैनिक की जान ले गया, बल्कि एक नवविवाहिता का सपना, एक परिवार की खुशियाँ और देश का होनहार रक्षक भी हमसे छिन गया। ये घटना बताती है कि आतंकवाद का दंश सिर्फ बॉर्डर तक सीमित नहीं है, यह आम जिंदगियों को भी खून से लथपथ कर देता है।



