राष्ट्रीय

पहलगाम आतंकी हमले के बाद जांच तेज़, आतंकियों के स्केच जारी — अब बदला तय

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को सदमे और गुस्से में डुबो दिया है। इस हमले में 26 निर्दोष लोगों की जान गई, और अब सरकार और जांच एजेंसियां फुल एक्शन मोड में हैं। केंद्रीय जांच एजेंसी ने हमले में शामिल तीन आतंकियों के स्केच जारी कर दिए हैं, जिससे जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद बढ़ गई है। इस जघन्य वारदात की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकी संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF)’ ने ली है। TRF की शुरुआत 2019 में अनुच्छेद 370 हटने के बाद हुई थी और यह पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा का ही प्रॉक्सी संगठन है। पहले एक ऑनलाइन यूनिट के तौर पर बना TRF अब तहरीक-ए-मिल्लत इस्लामिया और गजनवी हिंद जैसे संगठनों को मिलाकर एक फुल-फ्लेज्ड आतंकी संगठन में बदल चुका है।

जांच एजेंसियों का मानना है कि इस हमले की प्लानिंग काफी समय से चल रही थी। स्केच जारी होने के साथ ही सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है, और कश्मीर घाटी के तमाम संवेदनशील इलाकों में घेराबंदी बढ़ा दी गई है। हमले की निंदा न सिर्फ भारत के भीतर, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हो रही है। अमेरिका, फ्रांस और रूस समेत कई देशों ने भारत के साथ एकजुटता जताई है।

इस आतंकी हमले से आहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सऊदी अरब का अपना दौरा बीच में ही छोड़कर तुरंत भारत वापसी की। दिल्ली पहुंचते ही एयरपोर्ट पर ही उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और विदेश सचिव के साथ आपात बैठक की। बैठक में हमले की गंभीरता, अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया और भविष्य की रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई।

सरकार का साफ संकेत है — अब चुप नहीं बैठेंगे। बदला होगा, गुनहगार पकड़े जाएंगे, और शहीदों का खून ज़ाया नहीं जाएगा।

Related Articles

Back to top button