राष्ट्रीय

ऑपरेशन सिंदूर: भारत ने पाकिस्तान में घुसकर लिया आतंक का बदला, मसूद अजहर का अड्डा तबाह

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के ठीक 15 दिन बाद भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में आतंक के अड्डों पर जवाबी कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत बड़ी एयर स्ट्राइक को अंजाम दिया। यह कार्रवाई सोमवार रात करीब 1:28 बजे शुरू की गई। भारतीय सेना ने यह ऑपरेशन अपने एयरस्पेस के भीतर से किया, लेकिन निशाने पर थे पाकिस्तान और PoK में फैले आतंकवादी ठिकाने।

सूत्रों के अनुसार, भारतीय वायुसेना ने बहावलपुर, मुरीदके, बाघ, कोटली और मुजफ्फराबाद में स्थित 9 आतंकी ठिकानों को टारगेट किया। सबसे अहम हमला जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर के गढ़, बहावलपुर में किया गया। यहां स्थित जामिया मस्जिद सुब्हान अल्लाह को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया, जो जैश-ए-मोहम्मद का मुख्यालय और ट्रेनिंग सेंटर थी।

यह वही मस्जिद है, जहां से मसूद अजहर ने 2001 के संसद हमले, 2015 के उड़ी अटैक और 2019 के पुलवामा हमले की साजिशें रची थीं। मसूद अजहर का जन्म बहावलपुर में ही हुआ था और वह लंबे समय से वहीं छिपा हुआ था। 2024 के आखिर में उसे फिर से इस क्षेत्र में देखा गया था, जिससे भारत की खुफिया एजेंसियां अलर्ट पर आ गई थीं।

भारत की यह स्ट्राइक पूरी तरह सटीक और नियोजित रही। बहावलपुर में जैश के चार ट्रेनिंग सेंटर थे, जहां युवाओं को आतंक के लिए तैयार किया जाता था। इन्हें बाद में PoK के कैंपों में भेजा जाता था। बहावलपुर की पाकिस्तान सीमा से दूरी महज 80-100 किलोमीटर है और वहीं पाकिस्तानी सेना का एयरबेस और हेडक्वार्टर भी स्थित है।

पाकिस्तान ने खुद स्वीकार किया है कि भारत ने स्ट्राइक की है, लेकिन इसके असर को कमतर बताने की कोशिश की। भारत की यह कार्रवाई आतंकवाद के खिलाफ एक कड़ा संदेश है कि अब भारत चुप नहीं बैठेगा, बल्कि हर हमले का जवाब घुसकर देगा |

Related Articles

Back to top button