निश्चय टाइम्स, लखनऊ। भारत के साहसी और प्रतिष्ठित योद्धा महाराणा प्रताप जी एवं महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रमुख भारतीय राष्ट्रवादी नेता, समाज सुधारक पंडित गोपाल कृष्ण गोखले जी की जयंती के अवसर पर आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने उक्त महान विभूतियों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व मंत्री अजय राय ने उक्त महान विभूतियों के व्यक्त्वि एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महाराणा प्रताप जी ने अपनी मातृभूमि की रक्षा हेतु खुद को बलिदान कर दिया। वे बलिदान, आत्मसम्मान और कर्तव्य के प्रतीक माने जाते हैं। यह जयंती न केवल उनके जन्म का उत्सव है, बल्कि उनके आदर्शों, विरासत और भारत की सांस्कृतिक धरोहर में दिये गये अमूल्य योगदान का सम्मान भी है।
श्री राय ने कहा कि पंडित गोपाल कृष्ण गोखले जी ने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में अपना अनुकरणीय नेतृत्व प्रदान किया था। इसके साथ ही वित्तीय मामलों की गहरी समझ और अधिकारपूर्वक बहस की कुशलता के कारण उन्हें भारत का हीरा कहा गया। गोपाल कृष्ण गोखले ने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में अपना अहम योगदान देने के साथ-साथ भारतीय शिक्षा के विकास के लिए वर्ष 1905 में ‘सर्वेंट्स ऑफ इंडिया सोसाइटी’ व वर्ष 1908 में ‘रानाडे इंस्टीट्यूट ऑफ इकोनॉमिक्स’ की स्थापना की थी।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष शिव पाण्डेय, संजय दीक्षित, संजय सिंह, पुष्पेन्द सिंह, सुशील तिवारी सोनू पंडित, मनोज तिवारी, डॉ0 अमित राय, शिफा खान, अनिल शुक्ला, रवीन्द्र पटेल, राजगुरू नरायणपति त्रिपाठी सहित उपस्थित कांग्रेसजनों ने भी महराणा प्रताप एवं पंडित गोपाल कृष्ण गोखले जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
