पीएम मोदी ने नरसिम्हा राव को अर्पित की श्रद्धांजलि

देश के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न पी.वी. नरसिम्हा राव की जयंती के अवसर पर आज शनिवार को राष्ट्र भर के नेताओं और नागरिकों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। राजनीतिक दलों से लेकर सामाजिक संगठनों तक, सभी ने उनके ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा किए और उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व पीएम पी.वी. नरसिम्हा राव की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम मोदी ने उनके नेतृत्व और बुद्धिमता की प्रशंसा की। पीएम मोदी ने भारत के विकास में उनके नेतृत्व की सराहना करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पोस्ट में लिखा, “विकास पथ के महत्वपूर्ण चरण के दौरान उनके प्रभावी नेतृत्व के लिए भारत उनका आभारी है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नरसिम्हा राव को महान राजनेता और विद्वान बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत ने आर्थिक सुधारों और राष्ट्रीय विकास की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कीं। उन्होंने कहा कि राव का कार्यकाल देश के लिए एक परिवर्तनकारी युग साबित हुआ।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि नरसिम्हा राव के नेतृत्व में शुरू हुआ आर्थिक उदारीकरण भारत को नई दिशा देने वाला निर्णय था, जिसने मध्यम वर्ग को उन्नति की राह पर अग्रसर किया। उनकी ‘लुक ईस्ट’ नीति ने भारत की विदेश नीति को नया दृष्टिकोण दिया और वैश्विक मंच पर देश की स्थिति को मजबूत किया।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उन्हें आर्थिक समृद्धि के मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि उनके द्वारा किए गए सुधारों ने देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राव को प्रेरणास्रोत बताते हुए लिखा कि उन्होंने भारत को आर्थिक आत्मनिर्भरता की राह दिखाई और उनका योगदान राष्ट्र के लिए अविस्मरणीय रहेगा।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राव का दूरदर्शी नेतृत्व भारत के आर्थिक इतिहास में मील का पत्थर है, वहीं हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने उन्हें “आर्थिक सुधारों का शिल्पकार” कहा और बताया कि उनके प्रयासों से भारत की वैश्विक पहचान और प्रशासनिक संरचना मजबूत हुई।
गौरतलब है कि वर्ष 1991 में जब भारत गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा था, तब नरसिम्हा राव ने वित्त मंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के साथ मिलकर आर्थिक उदारीकरण की ऐतिहासिक पहल की, जिसने देश को नई ऊर्जा दी और वैश्विक आर्थिक मंच पर सशक्त उपस्थिति दिलाई।



