उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश में 9 जुलाई से शुरू होगा पौधरोपण महाभियान-2025

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 9 जुलाई से ‘पौधरोपण महाभियान-2025’ की शुरुआत होने जा रही है, जिसके तहत एक ही दिन में पूरे प्रदेश में रिकॉर्ड 37 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। इस महाअभियान की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इसका उद्देश्य प्रदेश को हरित और पर्यावरणीय रूप से समृद्ध बनाना है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस महाअभियान की शुरुआत अयोध्या और आजमगढ़ में करेंगे। उनके साथ राज्य के वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण सक्सेना और केपी मलिक भी मौजूद रहेंगे। वहीं, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल बाराबंकी में पौधरोपण करेंगी, जहां उनके साथ राज्यमंत्री सतीश शर्मा उपस्थित रहेंगे।

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य मेरठ में और ब्रजेश पाठक लखनऊ में पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके अलावा, विभिन्न कैबिनेट मंत्री भी अपने-अपने जनपदों में पौधरोपण करेंगे — जिनमें सुरेश खन्ना (शाहजहांपुर), सूर्यप्रताप शाही (अयोध्या), स्वतंत्र देव सिंह (गोरखपुर), बेबीरानी मौर्य (अलीगढ़), चौधरी लक्ष्मीनारायण (मथुरा), जयवीर सिंह (मैनपुरी), धर्मपाल सिंह (बरेली), नंदगोपाल नंदी (प्रयागराज), अनिल राजभर (आजमगढ़) समेत कई वरिष्ठ मंत्री शामिल हैं।

राज्य सरकार ने अभियान की निगरानी के लिए शासन स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल अफसर नियुक्त किया है। ये अधिकारी 8 जुलाई को सुबह से ही अपने-अपने आवंटित जिलों में पहुंचकर तैयारियों का जायजा लेंगे। इनमें एम देवराज (प्रयागराज), राजशेखर (वाराणसी), सुहास एल.वाई. (गोरखपुर), अनिल गर्ग (अयोध्या), पार्थ सारथी सेन शर्मा (लखनऊ) और आंजनेय सिंह (संभल) शामिल हैं।

वन विभाग इस अभियान के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों और मंत्रालयों से लगातार समन्वय कर रहा है। हर जनपद में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में पौधरोपण किया जाएगा। राज्य सरकार का यह प्रयास न केवल पर्यावरण को संरक्षित करने की दिशा में अहम कदम है, बल्कि जनसहभागिता को भी एक नई दिशा देने वाला साबित होगा। यह महाभियान उत्तर प्रदेश को हरित राज्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा प्रयास है।

Related Articles

Back to top button