राष्ट्रीय

आर्यभट्ट से गगनयान तक: नेशनल स्पेस डे पर भारत की नई उड़ान

भारत ने 23 अगस्त 2023 को इतिहास रचते हुए चांद पर सफलतापूर्वक उतरकर दुनिया का चौथा देश बनने का गौरव हासिल किया था। इसी दिन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने “राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस” के रूप में घोषित किया। अब हर साल 23 अगस्त को देश इस दिन को मनाता है। इस वर्ष नेशनल स्पेस डे की थीम “आर्यभट्ट से गगनयान तक” रखी गई, जो भारत की अंतरिक्ष यात्रा की गौरवगाथा और भविष्य की दिशा दोनों को दर्शाती है।

अपने संदेश में पीएम मोदी ने कहा कि यह दिन युवाओं में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति जिज्ञासा और आकर्षण बढ़ाने का अवसर है। उन्होंने वैज्ञानिकों और युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि भारत का स्पेस सेक्टर आत्मविश्वास और संकल्प का प्रतीक है।

इस मौके पर ISRO चीफ वी. नारायणन ने मिशन गगनयान का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि भारत के चार गगनयात्रियों को ट्रेनिंग दी जा रही है और उनमें से एक को इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) पर भेजा जा चुका है। यह भारत की अंतरिक्ष प्रगति का बड़ा कदम है।

साथ ही, ISRO ने पहली बार भारतीय स्पेस स्टेशन का मॉडल भी प्रदर्शित किया। योजना है कि 2028 तक इसके पहले मॉड्यूल को लॉन्च किया जाएगा। अभी तक केवल अमेरिका और चीन के पास ही अपना स्पेस स्टेशन है। आने वाले वर्षों में भारत भी इस सूची में शामिल होकर अंतरिक्ष क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ छुएगा।

Related Articles

Back to top button