मनोरंजन

अभिनेत्री ममता कुलकर्णी बनीं महामंडलेश्वर, हुआ भव्य श्रृंगार

90 के दशक में अपने ग्लैमरस अंदाज़ और शानदार अभिनय से बॉलीवुड में छा जाने वाली मशहूर अभिनेत्री ममता कुलकर्णी अब पूरी तरह से धर्म और अध्यात्म की राह पर चल पड़ी हैं। कभी बड़े पर्दे पर अपनी खूबसूरती और अदाओं से दर्शकों को दीवाना बनाने वाली ममता अब महामंडलेश्वर यामायी ममता नंद गिरी के नाम से जानी जाती हैं।

कई सालों तक सामाजिक जीवन से दूरी बनाकर ममता ने खुद को आध्यात्मिक साधना में समर्पित कर दिया था। अब वे किन्नर अखाड़ा से जुड़ चुकी हैं और नियमित रूप से धार्मिक आयोजनों में हिस्सा लेती हैं। हाल ही में ममता ने कोजागिरी पूर्णिमा के अवसर पर माता सप्तश्रृंगी दर्शन के लिए श्रृंगार करते हुए अपना एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। इस वीडियो में वे भक्तों से घिरी दिखाई दीं, जहां कोई उन्हें पगड़ी पहना रहा था तो कोई फूल-मालाएं अर्पित कर रहा था।

ममता कुलकर्णी ने इस वीडियो के साथ लिखा – “कोजागिरी पूर्णिमा पर माता सप्तश्रृंगी दर्शन के लिए श्री 1008 महामंडलेश्वर यामायी ममता नंद गिरी का श्रृंगार किया गया।” उनके इस अवतार ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा छेड़ दी है।

ममता ने जनवरी 2024 में महाकुंभ के दौरान गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर गृहस्थ जीवन त्यागने और संन्यास लेने की घोषणा की थी। उन्होंने बताया था कि उन्हें यह प्रेरणा किन्नर अखाड़े की अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी से मिली थी, जिन्होंने उन्हें दीक्षा देकर आध्यात्मिक मार्ग पर अग्रसर किया।

हालांकि, ममता का जीवन हमेशा सुर्खियों और विवादों से जुड़ा रहा है। फिल्मों से दूरी बनाने के बाद उनका नाम विक्की गोस्वामी, जो गैंगस्टर छोटा राजन का करीबी बताया जाता था, से जुड़ा। विक्की पर ड्रग्स तस्करी के गंभीर आरोप लगे, और ममता पर भी जांच की आंच आई। हालांकि उन्होंने सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा था कि उनका किसी गैरकानूनी काम से कोई संबंध नहीं है। 2013 में ममता ने विक्की गोस्वामी से शादी की और इसके बाद सार्वजनिक जीवन से लगभग गायब हो गईं। वर्षों बाद जब उन्होंने एक संन्यासिनी के रूप में वापसी की, तो लोगों के बीच अचरज और प्रशंसा दोनों देखने को मिली।

Related Articles

Back to top button