ताजमहल भ्रमण की प्रशासनिक तैयारियां धरी रह गईं
उत्तर प्रदेश के आगरा में रविवार को अफगान विदेश मंत्री मौलवी आमिर खान मुत्ताकी का दौरा अचानक रद्द कर दिया गया। मंत्री का ताजमहल भ्रमण का कार्यक्रम तय था, जिसके लिए प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारियां कर रखी थीं। लेकिन आखिरी क्षण में दौरा रद्द होने से प्रशासनिक मशीनरी की मेहनत बेकार चली गई।
डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने जानकारी दी कि अफगान विदेश मंत्री के आगरा आने का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। फिलहाल उनके किसी नए कार्यक्रम की जानकारी नहीं मिली है।
जानकारी के मुताबिक, अफगानिस्तान के विदेश मंत्री मौलवी आमिर खान मुत्ताकी रविवार सुबह देवबंद से शिल्पग्राम होते हुए ताजमहल का भ्रमण करने वाले थे। उनके लिए सुबह 9 बजे आगरा पहुंचने और 11 से 12 बजे तक ताजमहल देखने का शेड्यूल निर्धारित था। उनके आगमन को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क था।
हाल ही में सहारनपुर हिंसा की घटनाओं के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने आगरा में अतिरिक्त सतर्कता बरती थी। पूरे ताजमहल परिसर और शिल्पग्राम क्षेत्र में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी। सुरक्षा कारणों से प्रशासन ने अफगान मंत्री से किसी भी स्थानीय व्यक्ति या संगठन को मिलने की अनुमति नहीं दी थी। बताया गया कि शहर के प्रमुख मुफ्ती मजीद रूमी की अगुवाई में मुस्लिम समुदाय का एक प्रतिनिधिमंडल उनसे मुलाकात करना चाहता था, लेकिन सुरक्षा कारणों से इसे अनुमति नहीं दी गई।
प्रशासन ने अफगान विदेश मंत्री की यात्रा के मद्देनजर पूरे ताजमहल क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था को भी बदल दिया था। पर्यटकों की आवाजाही पर विशेष निगरानी रखी जा रही थी ताकि किसी प्रकार की भीड़ या अव्यवस्था न हो। लेकिन दौरा रद्द होने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत की सांस ली, हालांकि उनकी तैयारियां व्यर्थ चली गईं।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि अफगान विदेश मंत्री का कार्यक्रम रद्द होने के पीछे क्या कारण था। सूत्रों के अनुसार, कार्यक्रम में बदलाव अफगानिस्तान की ओर से किया गया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या भविष्य में उनका ताजमहल भ्रमण पुनः निर्धारित किया जाता है या नहीं।
