इंडियादिल्ली

दिल्ली हाफ मैराथन 2025: 40 हजार से अधिक प्रतिभागियों के साथ दौड़ी राजधानी

दिल्ली रविवार को जोश और ऊर्जा से सराबोर रही, जब वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन 2025 के 20वें संस्करण में 40 हजार से अधिक धावकों ने भाग लिया। इनमें 10,000 से अधिक महिलाएं भी शामिल रहीं, जिसने ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ के संदेश को नई ऊंचाई दी।

इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने रेस को हरी झंडी दिखाकर शुरुआत की। उनके साथ मंच पर दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, सीडीएस जनरल अनिल चौहान, और नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी मौजूद रहे। वहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और राज्य सरकार के मंत्री आशीष सूद ने भी कार्यक्रम में प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया।

दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने कहा कि वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन ने बीस वर्षों में खेल और फिटनेस की संस्कृति को देशभर में मजबूत किया है। उन्होंने बताया कि वह तीसरी बार इस मैराथन का हिस्सा बन रहे हैं और हर बार यहां का उत्साह और जोश देखकर गर्व महसूस करते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार 40,000 प्रतिभागियों में महिलाओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जो समाज में बदलते नजरिए और महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का प्रतीक है।

केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया ने अपने संबोधन में कहा कि दिल्ली हाफ मैराथन न केवल खेल का आयोजन है, बल्कि यह एक जन आंदोलन है जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया अभियान’ को मजबूती देता है। उन्होंने कहा कि “आज भारत की नई पीढ़ी फिटनेस को फैशन नहीं, बल्कि जिम्मेदारी मान रही है।”

कार्यक्रम के दौरान दिल्ली की सड़कों पर देश-विदेश से आए एथलीटों के साथ आम नागरिकों ने भी हिस्सा लिया। लोगों में उत्साह इतना था कि सुबह से ही इंडिया गेट, राजपथ और नेहरू पार्क के आस-पास हजारों की भीड़ दौड़ में शामिल होती दिखी।

आयोजकों ने बताया कि पिछले 20 वर्षों में वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन एशिया की सबसे प्रतिष्ठित सड़क दौड़ों में शामिल हो चुकी है। यह आयोजन न केवल खेल को बढ़ावा देता है बल्कि सामाजिक संदेश भी देता है कि “स्वस्थ नागरिक ही मजबूत राष्ट्र की नींव हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button