निश्चय टाइम्स, डेस्क। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में 44वें भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वास्थ्य पवेलियन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक डॉ. सुनीता शर्मा, संयुक्त सचिव सौरभ जैन और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।इस वर्ष के पवेलियन का विषय ” स्वस्थ भारत श्रेष्ठ भारत ” एक स्वस्थ और मजबूत राष्ट्र के निर्माण के लिए स्वास्थ्य नीतियों को आकार देने और व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में मंत्रालय की केंद्रीय भूमिका को उजागर करता है।
इस मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए श्रीवास्तव ने कहा कि मंत्रालय राष्ट्रीय स्वास्थ्य लक्ष्यों को प्राप्त करने और सतत विकास लक्ष्यों के साथ तालमेल बिठाने के उद्देश्य से कई प्रमुख पहलों को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा, ” हाल ही में शुरू किए गए स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान का लक्ष्य 11 करोड़ लोगों तक पहुंचना है। इसके साथ ही, युवाओं के लिए तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम, टीबी मुक्त भारत अभियान और अंगदान के लिए राष्ट्रीय अभियान जैसी पहलें भी साथ-साथ आगे बढ़ रही हैं।”आगंतुकों को स्वास्थ्य पवेलियन देखने के लिए प्रोत्साहित करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने जन जागरूकता बढ़ाने में इसकी भूमिका पर बल दिया। उन्होंने आगे कहा, “यह पवेलियन भारत की स्वास्थ्य प्रणाली और चल रहे विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी प्रदान करता है। सीपीआर जागरूकता सत्र और एनीमिया परीक्षण सहित कई सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। मैं सभी से आग्रह करती हूं कि वे इन सुविधा केंद्रों का दौरा करें और इनका पूरा लाभ उठाएं।” स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय भारत व्यापार संवर्धन संगठन द्वारा नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किए जा रहे भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला-2025 में भाग ले रहा है। यह आयोजन 14 दिनों तक चलेगा, जो 14 नवंबर, 2025 से शुरू होकर 27 नवंबर, 2025 को समाप्त होगा।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय को आईआईटीएफ 2025 में भाग लेने के लिए भारत मंडपम स्थित हॉल संख्या 4 के भूतल पर लगभग 900 वर्ग मीटर जगह आवंटित की गई है। इस वर्ष के स्वास्थ्य पवेलियन का व्यापक विषय ” स्वस्थ भारत श्रेष्ठ भारत ” है। यह विषय स्वास्थ्य नीतियों के निर्माण और क्रियान्वयन तथा व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करता है, जिसका अंतिम लक्ष्य एक स्वस्थ नागरिक और एक मजबूत राष्ट्र को बढ़ावा देना है। स्वास्थ्य पवेलियन में कुल 37 स्टॉल है। इन प्रदर्शनियों में मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसका एक प्रमुख आकर्षण हाल ही में राष्ट्रव्यापी अभियान “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” (एसएनएसपीए) के तहत तीन गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड खिताबों की उपलब्धि होगी, जो निवारक और महिला-केंद्रित स्वास्थ्य सेवा के प्रति भारत की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है।





