राष्ट्रीय

बिहार चुनाव में NDA की प्रचंड जीत पर PM मोदी का संबोधन

नई दिल्लीः बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय से कार्यकर्ताओं और बिहार की जनता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में बिहार के लोगों ने अद्भुत समर्थन दिया है और यह जीत लोकतंत्र में जनता के अटूट विश्वास की जीत है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि “बिहार के लोगों ने बिल्कुल गर्दा उड़ा दिया है… हम NDA के लोग जनता के सेवक हैं।”

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि कुछ दलों ने तुष्टिकरण वाले ‘MY Formula’ पर चुनाव लड़ा, लेकिन बिहार के लोगों ने इससे ऊपर उठकर एक नया पॉजिटिव MY Formula—महिला और यूथ—को चुना है। उन्होंने कहा कि बिहार देश के उन राज्यों में से है जहां सर्वाधिक युवा हैं और उनके सपनों व आकांक्षाओं ने पुराने सांप्रदायिक MY फार्मूला को खत्म कर दिया।

पीएम मोदी ने कहा कि यह सिर्फ NDA की जीत नहीं, बल्कि भारत के लोकतंत्र की जीत है। उन्होंने बताया कि पहले बिहार में बड़े पैमाने पर पुनर्मतदान की नौबत आती थी, लेकिन इस चुनाव में दोनों चरणों में एक भी जगह री-पोल की जरूरत नहीं पड़ी। मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष रहा, जो एक बड़ी उपलब्धि है।

प्रधानमंत्री ने बिहार के बदलते वातावरण का उल्लेख करते हुए कहा कि यह वही बिहार है जो कभी नक्सलवाद और आतंक से प्रभावित रहता था, जहां बिना डर मतदान संभव नहीं था। लेकिन इस बार लोगों ने पूरे उत्साह और विश्वास के साथ वोट डालकर लोकतंत्र को मज़बूत किया।

अपने भाषण में पीएम मोदी ने कहा, “बिहार ने फिर दिखा दिया है कि झूठ हारता है और जनविश्वास जीतता है। जनता अब उन लोगों के साथ नहीं जाएगी जो जमानत पर चल रहे हैं।” उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों ने विकास और समृद्धि के लिए वोट दिया है और यह जनादेश NDA के लिए ऐतिहासिक है।

उन्होंने आगे कहा कि केंद्र सरकार छठ पर्व को UNESCO की हेरिटेज सूची में शामिल कराने के प्रयास में है, ताकि इस पर्व की महिमा विश्वभर में पहचानी जा सके।

पीएम मोदी ने यह भी कहा कि आज के नतीजे उन लोगों के लिए जवाब हैं जो कहते थे कि बिहार को एक्सप्रेसवे, हाईवे और उद्योग की जरूरत नहीं है। यह परिणाम वंशवाद की राजनीति पर विकासवाद की जीत है।

कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी आज ‘MMC — मुस्लिम-लीगी माओवादी कांग्रेस’ में बदल चुकी है और उसके भीतर भी असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि भविष्य में कांग्रेस में एक और बड़ा विभाजन हो सकता है।

Related Articles

Back to top button