राष्ट्रीय

पूर्व गृह मंत्री शिवराज पाटिल चाकुरकर का 91 वर्ष की उम्र में निधन

निश्चय टाइम्स, डेस्क। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल चाकुरकर का लातूर में निधन हो गया। 91 वर्षीय पाटिल चाकुरकर ने शुक्रवार सुबह लगभग 6:30 बजे अपने निवास ‘देवघर’ में अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से बीमार थे और घर पर ही उनका इलाज चल रहा था। शिवराज पाटिल चाकुरकर देश की राजनीति में एक प्रभावशाली और अनुभवी चेहरा रहे। वे लोकसभा के स्पीकर, कई बार केंद्रीय मंत्री, और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व में शामिल रहे। साल 2008 के मुंबई आतंकी हमले के दौरान वे देश के गृह मंत्री थे। हमले के बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। मराठवाड़ा और महाराष्ट्र में उनका राजनीतिक प्रभाव बेहद मजबूत रहा। लातूर के चाकुर से निकलकर वे लातूर लोकसभा सीट से सात बार सांसद चुने गए। 2004 में लोकसभा चुनाव हारने के बावजूद उन्हें राज्यसभा के माध्यम से गृह मंत्री जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई। कांग्रेस नेतृत्व और कार्यकर्ताओं ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है और परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं। उनके निधन से भारतीय राजनीति ने एक अनुभवी, शांत स्वभाव और संवैधानिक प्रक्रियाओं को समझने वाले नेता को खो दिया है।

अमित शाह ने शिवराज पाटिल चाकुरकर जी के निधन पर दुख व्यक्त किया

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री शिवराज पाटिल चाकुरकर के निधन पर दुख व्यक्त किया है। X प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पूर्व केन्द्रीय मंत्री शिवराज पाटिल चाकुरकर जी के निधन पर दुख हुआ है। उन्होंने कहा कि पाटिल जी कई दशकों के सार्वजनिक जीवन में अपने ज्ञान और समर्पित सेवा के लिए जाने जाते थे। श्री शाह ने उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की।

Related Articles

Back to top button