कानपुर

मर्चेंट्स चेम्बर ऑफ उत्तर प्रदेश ने किया केंद्रीय बजट 2026 पर बजट व्यूइंग सेशन, उद्योग जगत ने बताया विकासोन्मुख और समावेशी

निश्यचय टाइम्स डेस्क। मर्चेंट्स चेम्बर ऑफ उत्तर प्रदेश की फिस्कल कमेटी द्वारा केंद्रीय बजट 2026–27 के अवसर पर एक विशेष बजट व्यूइंग सेशन एवं प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन डॉ. गौर हरि सिंघानिया कॉन्फ्रेंस हॉल (प्रथम तल), मर्चेंट्स चेम्बर ऑफ उत्तर प्रदेश में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापार, उद्योग एवं उद्यमियों को केंद्रीय बजट के प्रमुख प्रावधानों से अवगत कराना तथा इसके आर्थिक प्रभावों पर संवाद स्थापित करना रहा।

इस अवसर पर केंद्रीय वित्त मंत्री  निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026–27 का लाइव टेलीकास्ट बड़े स्क्रीन पर प्रसारित किया गया। बजट सत्र को चेम्बर के पदाधिकारियों, काउंसिल सदस्यों, उद्योगपतियों, व्यापारियों एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े उद्यमियों ने सामूहिक रूप से देखा और बजट की घोषणाओं पर अपनी प्रतिक्रियाएं साझा कीं।

केंद्रीय बजट 2026–27 को देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, रोजगार सृजन को गति देने, किसानों की आय बढ़ाने, मध्यम वर्ग को राहत प्रदान करने तथा भारत को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में अग्रणी बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।

केंद्रीय बजट 2026–27: प्रमुख बिंदु

बजट में बुनियादी ढांचे को प्राथमिकता देते हुए ₹12.2 लाख करोड़ के कैपेक्स का प्रावधान किया गया है, जिसमें हाई-स्पीड रेल और फ्रेट कॉरिडोर के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया गया है। कर सुधारों के तहत नया आयकर कानून लाकर मध्यम वर्ग को अनुपालन में राहत देने की दिशा में कदम उठाया गया है।
कृषि क्षेत्र में 100 जिलों के लिए पीएम धान-धान्य योजना तथा किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा ₹5 लाख तक बढ़ाई गई है।
MSME और निवेश को बढ़ावा देने के लिए सस्ता ऋण, सरल नियम और सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 की घोषणा की गई है।
इसके साथ ही AI, R&D और रेयर अर्थ कॉरिडोर पर फोकस, शिक्षा-स्वास्थ्य में नए संस्थान, मेडिकल सीटों में वृद्धि तथा कौशल विकास कार्यक्रमों के विस्तार का भी प्रावधान किया गया है।

बजट टेलीकास्ट के पश्चात आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को चेम्बर के पूर्व अध्यक्ष मुकुल टंडन, काउंसिल सदस्य  अनिल अग्रवाल, फिस्कल समिति के एडवाइजर सुधींद्र जैन, चेयरमैन अनिल के. सक्सेना, कॉर्पोरेट अफेयर्स समिति के एडवाइजर अक्षय गुप्ता तथा इंडस्ट्री समिति के अध्यक्ष सुशील शर्मा ने संबोधित किया। वक्ताओं ने बजट को विकासोन्मुख और समावेशी बताते हुए कहा कि इससे व्यापार, उद्योग और निवेश को नई दिशा मिलेगी।

मर्चेंट्स चेम्बर ऑफ उत्तर प्रदेश के मुख्य परिचालन अधिकारी प्रभात मिश्रा ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य केंद्रीय बजट को सरल भाषा में समझना, उसके प्रभावों का विश्लेषण करना और व्यापारिक समुदाय को समय पर प्रामाणिक जानकारी उपलब्ध कराना है।

इस अवसर पर काउंसिल सदस्य विजय पांडे, श्याम मेहरोत्रा, विश्वनाथ गुप्ता, तरुण गर्ग, चेम्बर सदस्य धर्मेंद्र श्रीवास्तव, डॉ. जय प्रकाश, उमेश पांडे, शेष नारायण त्रिवेदी सहित बड़ी संख्या में सदस्यगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button