गोमती के घाट चमके, स्वच्छता की मिसाल बना लुलु समूह का अभियान
“स्वच्छ घाट, स्वच्छ जीवन” का संदेश—जनभागीदारी से पर्यावरण संरक्षण को नई ताकत

निश्चयट टाइम्स डेस्क। नदी जल की महत्ता, स्वच्छता और जन-स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से लुलु हाइपरमार्केट, लुलु मॉल एवं लुलु फंटुरा के संयुक्त तत्वावधान में गोमती नदी के घाटों पर एक विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। “स्वच्छ घाट, स्वच्छ जीवन” थीम पर आधारित यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई, बल्कि नागरिकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का सशक्त संदेश दे गई।
अभियान का मुख्य उद्देश्य गोमती नदी के घाटों की साफ-सफाई सुनिश्चित करना और समाज को स्वच्छ जल के महत्व से जोड़ना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और घाटों की सफाई कर यह दिखाया कि सामूहिक प्रयासों से पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सकता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लुलु समूह के निदेशक – उत्तर प्रदेश, दिल्ली एवं तेलंगाना, जयकुमार गंगाधरन ने कहा कि नदियाँ हमारे जीवन, संस्कृति और पर्यावरण की जीवनरेखा हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि गोमती नदी की स्वच्छता केवल किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का कर्तव्य है। उन्होंने भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता से जुड़े अभियानों को निरंतर समर्थन देने का आश्वासन दिया।
इस अभियान की परिकल्पना क्षेत्रीय निदेशक नोमान अज़ीज़ ख़ान की दूरदर्शी सोच का परिणाम रही। उन्होंने नदी स्वच्छता को सामाजिक दायित्व बताते हुए कहा कि स्वच्छ जल स्वस्थ समाज की नींव है और ऐसे प्रयास आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करते हैं।
लुलु हाइपरमार्केट के महाप्रबंधक सुनील शर्मा ने बताया कि संस्थान हमेशा से स्वच्छता, स्वास्थ्य और सामाजिक उत्तरदायित्व को अपनी कार्यसंस्कृति का अहम हिस्सा मानता रहा है। उन्होंने अभियान में शामिल सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
अभियान में मनकामेश्वर वार्ड-71 के पार्षद रंजीत सिंह और नगर निगम निरीक्षक सुमित मिश्रा भी मौजूद रहे। दोनों ने मौके पर पहुंचकर इस पहल को पूर्ण समर्थन दिया और कहा कि जनभागीदारी से ही स्वच्छता के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
लुलु समूह के जनसंपर्क प्रबंधक सबतेन हुसैन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घाटों की सफाई में हिस्सा लिया और आमजन को स्वच्छता का संदेश दिया।
गोमती नदी की सफाई हेतु किया गया यह प्रयास न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरणादायक है, बल्कि यह दर्शाता है कि जब संस्थान और समाज मिलकर काम करते हैं, तो स्वच्छ घाट, स्वच्छ जल और स्वस्थ जीवन का सपना साकार हो सकता है



