डाक टिकट डिजाइन प्रतियोगिता और फिलेटलिक कार्यशाला ने विरासत से जोड़ा युवा मन
छात्रों की रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन

निश्चय टाइम्स डेस्क।— जन भवन में आयोजित प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी के तृतीय दिवस पर भारतीय डाक विभाग ने “लखनऊपेक्स” के अंतर्गत एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर पोस्टमास्टर जनरल, मुख्यालय परिक्षेत्र सुनील कुमार राय की गरिमामयी उपस्थिति में डाक टिकट डिजाइन प्रतियोगिता, फिलेटलिक कार्यशाला और संगोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न प्रतिष्ठित स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता में बाल विद्या मंदिर, लॉरेटो कॉन्वेंट कॉलेज, आर्मी पब्लिक स्कूल, नारायना ई-टेक्नो स्कूल, नवयुग रेडियंस पब्लिक स्कूल, सेंट फिदेलिस कॉलेज, स्टेला मेरिस इंटर कॉलेज और आदर्श माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। छात्रों ने सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय विषयों पर आकर्षक डाक टिकट डिजाइन तैयार कर अपनी रचनात्मक सोच और कल्पनाशीलता का परिचय दिया।
फिलेटलिक कार्यशाला और संगोष्ठी के दौरान विशेषज्ञ फिलेटलिस्टों ने डाक टिकट संग्रह के इतिहास, महत्व और इसके शैक्षिक उपयोग पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में फिलेटली के प्रति रुचि विकसित करना और डाक टिकटों के माध्यम से देश की विरासत, संस्कृति तथा ऐतिहासिक घटनाओं को समझने का अवसर प्रदान करना था।
डाक विभाग की इस पहल को प्रतिभागियों और दर्शकों से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को जल्द ही पुरस्कृत किया जाएगा।
जिला स्तरीय डाक टिकट प्रदर्शनी “लखनऊपेक्स” में लखनऊ सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए फिलेटलिस्टों ने अपने दुर्लभ और संग्रहणीय डाक टिकट प्रदर्शित किए, जिससे प्रदर्शनी की भव्यता और आकर्षण में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। यह आयोजन न केवल रचनात्मकता को मंच देने वाला साबित हुआ, बल्कि नई पीढ़ी को देश की सांस्कृतिक धरोहर से जोड़ने का भी प्रभावी माध्यम बना।


