21 फरवरी को फिर लगेगा पासपोर्ट जन शिकायत निवारण मेला, बिना अपॉइंटमेंट मिलेगा समाधान

निश्चय टाइम्स डेस्क। नागरिकों को पासपोर्ट सेवाओं से जुड़ी समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ द्वारा लगातार जनहितकारी पहलें की जा रही हैं। इसी क्रम में दिनांक 21 फरवरी 2026 को लखनऊ क्षेत्राधिकार के अंतर्गत संचालित चारों पासपोर्ट सेवा केंद्रों — लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर एवं वाराणसी में एक साथ जन शिकायत निवारण मेले का आयोजन किया जाएगा।
इससे पूर्व 27 दिसंबर 2025 को आयोजित जन शिकायत निवारण मेले में चारों केंद्रों पर लगभग 500 पासपोर्ट आवेदकों ने सहभागिता की थी। मेले के दौरान आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। जिन प्रकरणों में दस्तावेजी त्रुटियां पाई गईं, वहां आवेदकों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
आगामी मेले में पासपोर्ट आवेदक बिना किसी पूर्व अपॉइंटमेंट के अपने नजदीकी पासपोर्ट सेवा केंद्र पहुंचकर अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे। नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे संबंधित आवेदन से जुड़े आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर उपस्थित हों, जिससे समस्याओं का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
इसी के साथ क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ ने वर्ष 2024–2025 का प्रभावशाली रिपोर्ट कार्ड भी प्रस्तुत किया है।
वर्ष 2024 में जहां 7,33,686 पासपोर्ट जारी किए गए, वहीं वर्ष 2025 में यह संख्या बढ़कर 8,09,839 हो गई।
पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट (PCC) के अंतर्गत वर्ष 2024 में 70,636 तथा 2025 में 62,687 प्रमाण पत्र निर्गत किए गए।
कार्यालय द्वारा अपॉस्टिल, ग्लोबल एंट्री प्रोग्राम (GEP) और सरेंडर सर्टिफिकेट जैसी सेवाओं में भी निरंतर प्रगति दर्ज की गई है।
नागरिक सुविधा को ध्यान में रखते हुए हर बुधवार ‘मीट योर आरपीओ’, हर माह पासपोर्ट वैन सेवा, हर दूसरे महीने के अंतिम शनिवार जन शिकायत निवारण मेला, तथा व्हाट्सऐप, ग्रीवांस पोर्टल और ट्विटर (X) के माध्यम से समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ ने स्पष्ट किया कि वह नागरिक-केंद्रित, पारदर्शी और संवेदनशील सेवाएं प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इस प्रकार की पहलें जारी रहेंगी।



