बहराइच की बेटी अल जफीरा नूर ने जीता स्वर्ण पदक, यूपी का बढ़ाया मान

शहर के मोहल्ला नाजिरपुरा निवासी एवं सेवंथ डे इंटर कॉलेज की कक्षा 9 की छात्रा अल जफीरा नूर ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए डॉ. कलाम जूनियर साइंटिस्ट परीक्षा में स्वर्ण पदक हासिल कर बहराइच और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया है।
चार चरणों में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय स्तर की परीक्षा के अंतिम चरण का आयोजन दिल्ली स्थित शाहीन एकेडमी में हुआ। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारत सहित 6 देशों — कतर, दुबई, सऊदी अरब, बहरीन और संयुक्त अरब अमीरात के लगभग 3 लाख 30 हजार विद्यार्थियों ने भाग लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद अंततः केवल 25 छात्र-छात्राओं का चयन हुआ, जिनमें अल जफीरा नूर ने छठा स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
उत्तर प्रदेश से इस परीक्षा में केवल दो विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्राप्त हुआ है — जिनमें एक अल जफीरा नूर (बहराइच) और दूसरा अलीगढ़ से है। यह उपलब्धि न केवल जिले बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।
अल जफीरा नूर के पिता जावेद आलम ने बताया कि कर्नाटक स्थित शाहीन एकेडमी के मुख्यालय में संस्था के डायरेक्टर डॉ. अब्दुल कदीर द्वारा उन्हें औपचारिक रूप से स्वर्ण पदक प्रदान किया गया।
अल जफीरा की यह पहली बड़ी उपलब्धि नहीं है। इससे पहले वह विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित जिला विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर चुकी हैं। साथ ही उन्होंने इंटरनेशनल स्पेस ओलंपियाड-2024 के तीनों चरण सफलतापूर्वक उत्तीर्ण किए हैं।
उनकी इस ऐतिहासिक सफलता पर परिवार, शिक्षकों, विद्यालय प्रबंधन, शुभचिंतकों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अल जफीरा ने यह साबित कर दिया है कि छोटे शहरों की बेटियां भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकती हैं।
अल जफीरा नूर की सफलता युवा विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि लगन, परिश्रम और सही मार्गदर्शन से वैश्विक स्तर पर भी सफलता हासिल की जा सकती है।



