तिनका-तिनका जोड़ बनाई गृहस्थी को बाढ़ ने उजाड़ा, नदी का पानी कम हो गया है, लेकिन अभी भी दुश्वारियां ठीक नहीं हुईं
Flood in UP: घरों के हालात देखकर आंसू नहीं रोक पाए लोग शाहजहांपुर की गर्रा और खन्नौत नदी का जलस्तर घटने के बाद कॉलोनियों में पानी उतर गया है। पानी के उतरने के बाद लोग अपने घरों को लौटने लगे हैं। मेहनत करके जुटाई गृहस्थी बाढ़ के पानी में तिनका-तिनका कर बिखर जाने से वे परेशान हैं। इस प्रयास में जुट गए हैं कि जो भी सामान है उसको बचाया जा सके।

बाढ़ ने लोगों की जिंदगी भर की बनाई गृहस्थी को छिन्न-भिन्न कर रख दिया है। इस बार बारिश शुरू होने के एक सप्ताह के अंदर शहर की गर्रा और खन्नौत नदी में बाढ़ आ गई। बाढ़ इतनी भीषण थी कि गर्रा और खन्नौत नदियों के आसपास बसे मोहल्लों और कॉलोनियों को अपनी चपेट में ले लिया। शहर की दर्जनों मोहल्ले और कॉलोनियां बाढ़ की चपेट में आ गए। लोगों के घरों में बाढ़ का पानी घुस गया।
हालात यह हो गए कि पानी अधिक भरने की वजह से लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा। प्रशासन की मदद से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। रविवार पानी घटने के बाद लोगों ने घरों की तरफ रुख किया। जब घर पहुंचे तो घरों के हालात देखकर अपने आंसू रोक नहीं पाए। फर्नीचर से लेकर इलेक्ट्राॅनिक सामान और गृहस्थी में खानपान की वस्तुएं पानी में डूबकर बर्बाद हो गईं थीं।
आवास विकास में पानी उतरने के बाद घरों में पहुंचे लोग
बरेली मोड़ स्थित आवास विकास कॉलोनी में पानी उतरने के बाद रविवार को अधिकतर लोग घर पहुंचे। घर के हालात देखकर लोगों के आंसू निकलने लगे। मेहनत की कमाई से बनाई गृहस्थी बिखर गई थी। परिवारों के सदस्य सामान को सुरक्षित स्थानों के पहुंचाने के प्रयास में जुट गए। कोई सफाई कार्य में जुटा हुआ दिखाई दिया तो कोई घर में पानी की व्यवस्था करने में जुट गया। सबसे अधिक जरूरत पानी की होती है। कुछ समाजसेवी कॉलोनी में ट्रैक्टर-ट्राॅली में जनरेटर लादकर लोगों के पानी की व्यवस्था में जुटे रहे तो महिलाएं ने घरों की साफ-सफाई की। सुभाषनगर में अब तक कम नहीं हुआ पानी
सुभाषनगर कॉलोनी में रविवार को भी पानी कम नहीं हुआ। यहां अब तक लोगों के घरों में पानी भरा हुआ है। लोग अपने-अपने मकानों को छोड़कर अभी दूसरे स्थानों पर रह रहे हैं। परिवार के सदस्य दिन में चक्कर लगाकर दूर से घरों की स्थिति देख जाते हैं। संभावना है कि सोमवार सुबह तक कॉलोनी में पानी कम हो जाएगा। इसके बाद लोग घरों की तरफ लौटने लगेंगे। अभी सुभाषनगर के हालात खराब हैं। खन्नौत में पानी हुआ कम, लेकिन दुश्वारियां नहीं हुईं कम

लोधीपुर क्षेत्र में खन्नौत नदी का पानी कम हो गया है, लेकिन अभी दुश्वारियां कम नहीं हुईं हैं। निचले क्षेत्रों में अब तक पानी भरा हुआ है। पानी कम होने पर लोग अपने घरों में पहुंचकर सामान को बचाने के प्रयास में जुट गए हैं। लोगों का बहुत नुकसान हुआ है। अधिकतर सामान पानी में डूबकर खराब हो गया है। फिर भी लोग सामान को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। यह भी खतरा बना हुआ है कि पानी निकलने के बाद मकानों को भी नुकसान पहुंचेगा।
फिलहाल अब भी लोधीपुर के निचले क्षेत्र में जलस्तर घटने के बाद भी लोगों को राहत नहीं मिली है।



