उत्तर प्रदेश

300 करोड़ के गबन का आरोपी साधु वेश में गिरफ्तार, वृंदावन में छिपा था महाराष्ट्र का बबन शिंदे

मथुरा: महाराष्ट्र की पुलिस ने 300 करोड़ रुपये के गबन के आरोपी बबन विश्वनाथ शिंदे को उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बबन शिंदे बीते एक साल से मथुरा के वृंदावन में साधु के वेश में छिपकर रह रहा था। महाराष्ट्र पुलिस की एक टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से उसे कृष्ण बलराम मंदिर के पास से गिरफ्तार किया।
साधु वेश में घूमता मिला आरोपी
गिरफ्तार आरोपी बबन शिंदे महाराष्ट्र के बीड जिले का रहने वाला है और ‘जिजाऊ मां साहेब मल्टी स्टेट बैंक’ में 300 करोड़ रुपये के गबन का मुख्य आरोपी है। महाराष्ट्र पुलिस के अनुसार, वह लंबे समय से फरार था और गिरफ्तारी से बचने के लिए साधु का वेश धारण कर वृंदावन के विभिन्न मंदिरों, आश्रमों, और गेस्ट हाउसों में छिपकर रह रहा था।
स्थानीय पुलिस की मदद से गिरफ्तारी
महाराष्ट्र पुलिस की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि शिंदे वृंदावन में साधु के भेष में रह रहा है। इसके बाद मथुरा पुलिस की अपराध शाखा और वृंदावन पुलिस के सहयोग से छानबीन शुरू की गई, जिसके बाद शिंदे को कृष्ण बलराम मंदिर के पास से गिरफ्तार किया गया।
क्या हैं आरोप?
बबन शिंदे पर आरोप है कि उसने महाराष्ट्र के बीड जिले की जिजाऊ मां साहेब मल्टी स्टेट बैंक में 300 करोड़ रुपये के गबन को अंजाम दिया। गबन के बाद से वह फरार था और महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में भी उसके खिलाफ कई अन्य वित्तीय धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। शिंदे पिछले एक साल से वृंदावन में छिपकर रह रहा था।
ट्रांजिट रिमांड पर महाराष्ट्र ले जाया गया
गिरफ्तारी के बाद मथुरा की अदालत में शिंदे को पेश किया गया, जहां से महाराष्ट्र पुलिस को उसका ट्रांजिट रिमांड दिया गया। अब उसे वापस महाराष्ट्र ले जाकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
इस गिरफ्तारी से पुलिस ने एक बड़े गबन के आरोपी को पकड़ने में सफलता पाई है, जो लंबे समय से फरार चल रहा था और साधु के वेश में खुद को छिपाकर कानून से बचने की कोशिश कर रहा था।

Related Articles

Back to top button