राष्ट्रीय

महाराष्ट्र: मुंबई के बांद्रा रेलवे स्टेशन पर भगदड़, नौ लोग घायल; विपक्ष का केंद्र पर हमला

मुंबई: मुंबई के बांद्रा रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह भगदड़ मचने से नौ लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा बांद्रा-गोरखपुर एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान हुआ, जब दिवाली और छठ के त्योहारों के चलते बड़ी संख्या में यात्री ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन पर पहुंचे थे। इस भीड़भाड़ के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जिससे कई लोग दो कोचों के बीच फंस गए और नीचे गिर गए।
कैसे हुआ हादसा?
हादसा बांद्रा टर्मिनस के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर हुआ, जब सुबह करीब 5:56 बजे ट्रेन 22921 बांद्रा-गोरखपुर अंत्योदय एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म पर आई। हजारों यात्री दिवाली और छठ के त्योहारों के लिए घर लौटने की तैयारी में ट्रेन में चढ़ने के लिए उमड़ पड़े, जिससे अचानक भगदड़ मच गई। अधिकारियों के अनुसार, भगदड़ में घायल यात्रियों को तत्काल भाभा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायलों की पहचान
नगर निगम के अधिकारी के मुताबिक, घायलों की पहचान शब्बीर अब्दुल रहमान (40), परमेश्वर सुखदार गुप्ता (28), रवींद्र हरिहर चुमा (30), रामसेवक रवींद्र प्रसाद प्रजापति (29), संजय तिलकराम कांगय (27), दिव्यांशु योगेंद्र यादव (18), मोहम्मद शरीफ शेख (25), इंद्रजीत साहनी (19), और नूर मोहम्मद शेख (18) के रूप में हुई है। इनमें इंद्रजीत साहनी और नूर मोहम्मद शेख की हालत गंभीर बनी हुई है।
संजय राउत का तीखा हमला
शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने इस हादसे के बाद रेल मंत्री पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल के बाद रेल मंत्रालय के कार्यकाल में 25 से ज्यादा बड़े रेल हादसे हो चुके हैं। बुलेट ट्रेन, हाई-स्पीड ट्रेन की बातें की जा रही हैं, लेकिन हकीकत यह है कि बुनियादी व्यवस्थाओं का अभाव है। इस हादसे के लिए रेल मंत्री जिम्मेदार हैं।”
रेल यात्रियों की सुरक्षा पर उठे सवाल
इस हादसे ने त्योहारों के दौरान रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रेलवे प्रशासन और महाराष्ट्र सरकार से भीड़ नियंत्रण और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाने की मांग की जा रही है।

Related Articles

Back to top button