उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में मंगलवार (26 नवंबर) को आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसमें सरकारी योजनाओं के तहत गरीब बेटियों को उपहार में दिए गए सामान की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।
सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 543 गरीब बेटियों की शादी कराई गई थी, लेकिन जब इन बेटियों को समाज कल्याण विभाग की तरफ से दिए गए उपहारों का वितरण किया गया, तो सामने आई सामान की घटिया गुणवत्ता ने सभी को चौंका दिया। दुल्हन और उनके परिवार के लोग जब इन उपहारों को देखे, तो उनके होश उड़ गए।
सरकारी योजनाओं के तहत दुल्हनों को आभूषण, श्रृंगार के सामान, साड़ी और अन्य वस्तुएं उपहार स्वरूप दी गईं, लेकिन इनमें से कई चीजें नकली और घटिया गुणवत्ता की निकलीं। आभूषण में नकली पायल, श्रृंगार में मिलने वाले सामानों में नकली कुकर, लिपस्टिक, शीशा, बर्तन और साड़ियों में भी गुणवत्ता की कमी पाई गई।
इस मामले ने सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरकार द्वारा दिए गए सामान की गुणवत्ता में इस तरह की लापरवाही से शादी के कार्यक्रम में शामिल सभी लोग हैरान और परेशान हैं।