नवयुग महाविद्यालय में भावनाओं से भरी विदाई—बी.एससी. छात्राओं ने रचा यादगार पल
नृत्य, नाटिका और ‘मिस फेयरवेल’ के संग सजी यादों की शाम

लखनऊ। नवयुग कन्या महाविद्यालय में मंगलवार को बी.एससी. अंतिम वर्ष की छात्राओं के लिए एक भव्य और भावुक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय द्वारा दीप प्रज्वलन और माँ सरस्वती की वंदना के साथ हुआ, जिसने पूरे माहौल को गरिमामय बना दिया।
समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की मनमोहक श्रृंखला ने सभी का दिल जीत लिया। द्वितीय वर्ष की छात्राओं के ऊर्जावान समूह नृत्य से कार्यक्रम की शुरुआत हुई, वहीं ‘महाभारत’ पर आधारित नाटिका ने नारी सशक्तिकरण का सशक्त संदेश दिया। “सुनो द्रौपदी, अब गोविंद न आएंगे” संवाद ने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी।
अंतिम वर्ष की छात्राओं जीनत बानो और प्राची तिवारी द्वारा प्रस्तुत स्वलिखित कविताओं ने माहौल को भावुक कर दिया। उनकी रचनाओं में कॉलेज की यादें और भविष्य के सपनों का सुंदर समावेश था, जिसने सभी को भावविभोर कर दिया।
इसके बाद प्रथम वर्ष की छात्राओं ने ‘ड्रीमी डिल्यूजन’ थीम पर नृत्य-नाटिका प्रस्तुत कर जीवन में यथार्थ को अपनाने का संदेश दिया। “म्हारी छोरियां छोरों से कम हैं के” जैसे जोश से भरे प्रस्तुतीकरण ने महिला सशक्तिकरण की झलक दिखाई।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘मिस फेयरवेल 2026’ प्रतियोगिता रही, जिसमें छात्राओं ने रैंप वॉक, प्रतिभा प्रदर्शन और प्रश्नोत्तर राउंड में शानदार प्रदर्शन किया। अंत में सृष्टि मिश्रा को ‘मिस फेयरवेल 2026’ का खिताब मिला, जबकि प्रज्ञा पटवा प्रथम रनर-अप और शताक्षी त्रिवेदी द्वितीय रनर-अप रहीं।
प्राचार्या ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और जीवन में अनुशासन व मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन अनुष्का और संजना ने शानदार अंदाज में किया। अंत में छात्राओं ने अपने गुरुजनों का आभार व्यक्त करते हुए इन यादगार पलों को तस्वीरों में कैद किया।



