उत्तर प्रदेश

स्कूली वाहनों पर प्रशासन सख्त

120 बसों की जांच, कई में खामियां उजागर

नियमों की अनदेखी पर सख्त कार्रवाई

निश्चय टाइम्स न्यूज नेटवर्क | डीएफ हिंदी

जनपद बदायूं में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। हाल ही में अलीगढ़ और आगरा में हुई स्कूली बस घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए शासन और जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले भर में स्कूली वाहनों का व्यापक तकनीकी निरीक्षण अभियान चलाया गया।

इसी क्रम में आज जिले की सभी तहसीलों में कुल 120 स्कूली वाहनों की जांच की गई। यह निरीक्षण उत्तर प्रदेश विद्यालययान नियमावली-2019 (26वें संशोधन) के तहत किया गया, जिसमें वाहनों की फिटनेस, सुरक्षा उपकरण, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र सहित अन्य आवश्यक मानकों को परखा गया।

जांच के दौरान कई वाहनों में सामान्य खामियां पाई गईं, जिनके संबंध में संबंधित स्कूल संचालकों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, गंभीर अनियमितताओं के चलते मदर एथेना स्कूल की 2 बसों को संभागीय परिवहन कार्यालय में मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर सीज कर दिया गया। इसके अलावा 4 अन्य स्कूली वाहनों का चालान भी किया गया।

प्रशासन ने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी है कि यदि किसी भी प्रकार की तकनीकी कमी या नियमों की अनदेखी के कारण कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी स्कूल प्रशासन की होगी। सभी स्कूल संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे वाहनों की फिटनेस, बीमा और प्रदूषण प्रमाणपत्र समय पर अपडेट रखें, चालकों का चरित्र सत्यापन सुनिश्चित करें और सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रखें।

जिला प्रशासन का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह के निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Related Articles

Back to top button