उत्तर प्रदेशराजनीतिराष्ट्रीय

अखिलेश यादव ने कहा- भाजपा में कुर्सी की लड़ाई के चलते शासन-प्रशासन ठप

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा अंदरूनी झगड़ों के दलदल में फंसती जा रही है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार भाजपा दूसरी पार्टियों में तोड़फोड़ की राजनीति करती थी, अब वही स्थिति उनकी अपनी पार्टी में हो रही है।

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा कि भाजपा की कुर्सी की लड़ाई की गर्मी में उत्तर प्रदेश का शासन-प्रशासन ठप हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा में जनता के बारे में सोचने वाला कोई नहीं है और पार्टी के अंदर ही सत्ता संघर्ष चल रहा है।

भाजपा कार्यसमिति की बैठक में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने यह बयान दिया कि सरकार से बड़ा संगठन होता है, जिससे पार्टी में सियासी माहौल गरमा गया। केशव मौर्य एक महीने से प्रदेश की कैबिनेट और अन्य बैठकों में भी नहीं पहुंचे।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी को दिल्ली बुलाकर बात की, जिससे सरकार और संगठन में मनमुटाव की स्थिति सामने आई।

Related Articles

Back to top button