उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान “बटेंगे तो कटेंगे” के बाद, सपा और भाजपा के बीच पोस्टरवार ने तूल पकड़ लिया है। सपा कार्यालय के बाहर एक नया पोस्टर लगाया गया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
लखनऊ में सपा कार्यालय के बाहर गुरुवार को एक नया पोस्टर सामने आया जिसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की तस्वीरें लगी हैं। पोस्टर में लिखा है, “अगर बटेंगे तो एक सिलेंडर 1200 रुपये में मिलेगा, और एक रहेंगे तो 400 रुपये में मिलेगा।” यह पोस्टर कांग्रेस नेता अजीत कुमार मौर्या द्वारा लगाया गया है।
यह पोस्टर मुख्यमंत्री योगी के “बटेंगे तो कटेंगे” बयान का जवाब है। सपा ने इसके जवाब में कहा था, “न बटेंगे, न कटेंगे, पीडीए संग रहेंगे।” इस पोस्टर में पीडीए का अर्थ पिछड़े, दलित, और अल्पसंख्यकों के एक होने से है।
पोस्टर के दाहिनी तरफ धर्मनिरपेक्षता का संदेश देने के लिए सभी धर्मों के लोगों की तस्वीरें लगाई गई हैं। साथ ही लिखा है, “न बटेंगे, न कटेंगे, एक हैं और एक रहेंगे। बटेंगे तो गैस सिलेंडर 1200 रुपये में मिलेगा, एक होंगे तो 400 रुपये में मिलेगा।”