खराब मौसम बना बाधा, गंगटोक नहीं पहुंचे पीएम मोदी

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से किया संबोधन, आतंकवाद पर कड़ा संदेश
खराब मौसम के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना सिक्किम दौरा रद्द करना पड़ा। वह सिक्किम के राज्यत्व की 50वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित समारोह में गंगटोक नहीं पहुंच सके। इसकी जगह प्रधानमंत्री ने बागडोगरा से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सिक्किम की जनता को संबोधित किया।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने सिक्किम की पर्यटन विविधता की प्रशंसा करते हुए हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “सिक्किम के लोग पर्यटन की शक्ति को अच्छे से समझते हैं। पर्यटन विविधता का उत्सव है, लेकिन आतंकियों ने पहलगाम में जो किया, वो सिर्फ भारतीयों पर हमला नहीं था, वो मानवता और भाईचारे की भावना पर हमला था।”
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि “आतंकियों ने भारतीय परिवारों की खुशियाँ छीनी और समाज को बांटने की साजिश रची, लेकिन भारत पहले से कहीं ज्यादा एकजुट है। हमने आतंकियों और उनके सरपरस्तों को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से कड़ा जवाब दिया है।”
उन्होंने यह भी कहा कि जब भारत ने आतंकियों के ठिकानों पर हमला किया, तब पाकिस्तान बौखला गया। उन्होंने बताया कि भारत ने तेजी और सटीकता से कई पाकिस्तानी एयरबेस तबाह कर दिए, जिससे दुनिया को भारत की क्षमता का अहसास हुआ। प्रधानमंत्री का यह संबोधन न केवल सिक्किम के गौरवशाली 50 वर्षों को सम्मान देता है, बल्कि भारत की सुरक्षा और संप्रभुता को लेकर सरकार की स्पष्ट नीति को भी दर्शाता है।



