उत्तर प्रदेश

बहराइच: घर में घुसा भेड़िया, ग्रामीणों ने पीट-पीटकर मार डाला, वन विभाग की टीम ने लिया शव कब्जे में

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के महसी तहसील क्षेत्र में शनिवार की रात एक खौफनाक घटना घटी। ग्राम पंचायत तमाचपुर के मजरा इमाम खां पुरवा में देर रात एक भेड़िया घर में घुस आया। भेड़िया ने घर में सो रहे तीन साल के बच्चे नियाज़ पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन मच्छरदानी की वजह से वह सफल नहीं हो पाया। बच्चे की मां की नींद खुली और उसने जोर-जोर से शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग जाग गए।
भेड़िया पास में बंधी बकरी को दबोच कर भागने लगा, लेकिन गांव के लोग तुरंत जुट गए। नियाज़ के चाचा आरिफ ने बताया कि शोर सुनकर पड़ोस के गांव के लोग भी मदद के लिए आ गए। सभी ने मिलकर भेड़िए को चारों तरफ से घेर लिया और लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीएफओ अजीत प्रताप सिंह ने कहा, “भेड़िए के शरीर पर चोट के निशान थे और मुंह से खून निकल रहा था।” शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए रेंज कार्यालय भेजा गया है, और अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमे की कार्रवाई की जाएगी।
भेड़ियों का आतंक
महसी क्षेत्र के 55 से अधिक गांवों में पिछले सात महीनों से भेड़ियों का आतंक फैला हुआ है। इन हमलों में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है और 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं। वन विभाग ने अब तक 5 भेड़ियों को पकड़ा है, जिनमें से एक की रेस्क्यू के दौरान मौत हो गई थी। फिलहाल विभाग 6 और भेड़ियों की तलाश कर रहा था।
ग्रामीणों द्वारा भेड़िए को मार दिए जाने के बाद अब गांव में राहत महसूस की जा रही है, लेकिन वन विभाग इस घटना को लेकर जांच कर रहा है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना ने ग्रामीणों के बीच डर और सतर्कता को और बढ़ा दिया है। वन विभाग ने ग्रामीणों को भेड़ियों से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Related Articles

Back to top button