29.15 लाख रूपये की धनराशि से किया जायेगा-जयवीर सिंह
उत्तर प्रदेश सरकार घरेलू और विदेशी पर्यटकों को राज्य की ओर आकर्षित कर निवेश एवं रोजगार के साधन सृजित करने के उद्देश्य से प्रदेश के समस्त जनपदों के कम ख्याति वाले धार्मिक स्थलों का पर्यटन सौंदर्यीकरण तथा बुनियादी सुविधाएं सुलभ कराने का प्रयास कर रही है। श्रद्धालुओं के अवस्थापना सुविधाओं के लिए विभिन्न पर्यटन विकास योजनाएं संचालित की जा रही है। इसी के तहत रायबरेली के जगतपुर विकासखंड स्थित टांघन गांव के झारखंडेश्वर शिव मंदिर को 29.15 लाख रुपए की लागत से सजाया-संवारा जा रहा है।
यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि रायबरेली में बुनियादी सुविधाएं सुलभ कराने के लिए परियोजना को स्वीकृति मिली है। इसका मुख्य उद्देश्य पर्यटन को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ स्थानीय लोगों को रोजगार के साधन भी सुलभ कराना है। उन्होंने बताया कि उ0प्र0 पर्यटन क्षेत्र में तेजी से उभर रहा है। जिसके कारण राज्य में आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों की संख्या में निरंतर वृद्धि देखी जा रही है। उन्होंने ये भी कहा कि अयोध्या, काशी और प्रयागराज जो स्पिरिचुअल ट्रायंगल बनाते हैं, पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि रायबरेली जिले के जगतपुर विकासखंड के ग्राम टंघन स्थित ऐतिहासिक झारखंडेश्वर शिव मंदिर का सौंदर्यीकरण एवं पर्यटन विकास कार्य कराया जा रहा है। इस परियोजना पर 29.15 लाख रुपए खर्च होंगे। योजना के तहत मंदिर परिसर का समग्र विकास किया जाएगा, जिसमें सौंदर्यीकरण कार्यों के साथ-साथ पर्यटकों की सुविधाओं में बढ़ोतरी, मूलभूत ढांचागत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण सहित अन्य आवश्यक निर्माण कार्य शामिल हैं। झारखंडेश्वर महादेव मंदिर वर्षों से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। यह मंदिर 100 वर्षों से भी अधिक पुराना है। मंदिर से जुड़ी कई रोचक कहानियां स्थानीय लोगों द्वारा सुनी जा सकती है। रायबरेली के इस मंदिर में सावन के महीने में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है।
श्री जयवीर सिंह ने बताया कि पर्यटन विकास कार्यों से न केवल धार्मिक स्थलों का महत्व बढ़ेगा, बल्कि क्षेत्रीय पर्यटन को भी नया आयाम मिलेगा। साथ ही स्थानीय श्रद्धालुओं और आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह पहल क्षेत्र के समग्र विकास और अल्पज्ञात धार्मिक स्थलों की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है।
Author: Sweta Sharma
I am Sweta Sharma, a dedicated reporter and content writer, specializes in uncovering truths and crafting compelling news, interviews, and features.





