उत्तर प्रदेशलखनऊ

हज यात्रा नियमों में बड़ा बदलाव: 12 साल से कम उम्र के बच्चों को नहीं मिलेगा वीजा

लखनऊ। हज यात्रा 2025 को लेकर सऊदी अरब सरकार ने एक अहम निर्णय लिया है, जिससे हजारों परिवारों को झटका लगा है। अब 12 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को हज यात्रा के लिए वीजा नहीं मिलेगा। इस फैसले के चलते पूरे देश से 291 बच्चों के आवेदन रद्द कर दिए गए हैं, जिनमें उत्तर प्रदेश के 18 बच्चे भी शामिल हैं। राज्य हज कमेटी के सचिव एसपी तिवारी ने बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई द्वारा जारी सर्कुलर के अनुसार यह निर्णय सऊदी सरकार की ओर से लिया गया है। इसके पीछे भीड़ नियंत्रण, स्वास्थ्य मानकों और सुरक्षा कारणों को संभावित वजह बताया जा रहा है। हालांकि, सरकार की ओर से इस बारे में कोई स्पष्ट कारण सार्वजनिक रूप से नहीं बताया गया है।

इस बार उत्तर प्रदेश से 13,748 हज यात्री सऊदी अरब के लिए रवाना होंगे। इन यात्रियों की फ्लाइट लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट और दिल्ली एयरपोर्ट से होगी। लखनऊ से रवाना होने वाले यात्रियों के लिए सरोजनीनगर स्थित मौलाना अली मियां मेमोरियल हज हाउस में ठहरने की व्यवस्था की गई है। एसपी तिवारी ने यह भी जानकारी दी कि जिन ‘कवर नंबर’ (आवेदन समूह) में बच्चे शामिल हैं, उनमें अन्य सदस्य यात्रा कर सकते हैं। अगर कोई परिवार इस बदलाव के चलते अपनी पूरी यात्रा रद्द करना चाहता है, तो वे 14 अप्रैल तक बिना किसी शुल्क के ऑनलाइन या ‘हज सुविधा ऐप’ के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद रद्द करने पर नियमानुसार शुल्क कटेगा।

यह फैसला देशभर के उन परिवारों के लिए निराशाजनक है जो बच्चों के साथ हज यात्रा की योजना बना रहे थे। अब उन्हें इस साल यात्रा की योजना को दोबारा विचार करना होगा।

Related Articles

Back to top button