बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का माहौल अब गर्माने लगा है। चुनाव आयोग की टीम बिहार में लगातार बैठकों का सिलसिला जारी रखे हुए है। शनिवार को जहां आयोग ने सियासी दलों के साथ गहन मंथन किया, वहीं आज राज्य प्रशासन और शीर्ष अधिकारियों के साथ चुनावी तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। आज की समीक्षा बैठक के बाद आयोग प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अब तक की तैयारियों की जानकारी साझा करेगा।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, निर्वाचन आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी आज नोडल अधिकारियों, प्रवर्तन एजेंसियों, सीएपीएफ, राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मुख्य सचिव और डीजीपी के साथ बैठक कर रहे हैं। चर्चा का मुख्य उद्देश्य चुनाव के दौरान निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।
आज की बैठक का शेड्यूल सुबह 9:30 बजे से शुरू होकर दोपहर 2 बजे तक चलेगा। पहले सत्र में आयोग इंफोर्समेंट एजेंसियों के साथ बैठक करेगा, फिर 11:30 से 12 बजे तक बिहार पुलिस और केंद्रीय बल के नोडल अधिकारियों से चर्चा होगी। इसके बाद 12 से 1 बजे तक मुख्य सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मीटिंग होगी। दोपहर 2 बजे होटल ताज में प्रेस वार्ता आयोजित होगी, जिसमें आयोग चुनावी तैयारियों को लेकर अहम जानकारी साझा करेगा।
शनिवार को सियासी दलों के साथ हुई बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा हुई। जेडीयू ने एक चरण में चुनाव कराने की वकालत की, जबकि बीजेपी ने एक या अधिकतम दो चरणों में मतदान की मांग रखी। वहीं, बीजेपी ने बुर्का पहनकर मतदान करने वाली महिलाओं की पहचान सत्यापन का मुद्दा भी उठाया।
आज की बैठक से यह तय होने की उम्मीद है कि बिहार विधानसभा चुनाव कितने चरणों में और कब आयोजित होंगे। राज्य की सियासत अब पूरी तरह चुनावी मोड में आ चुकी है।
