उत्तर प्रदेश

करुअना-मगहरा मार्ग निर्माण को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया मुख्य मार्ग जाम

संजय मिश्र।

देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में बहुप्रतीक्षित करुअना-मगहरा-सलेमपुर मार्ग के निर्माण को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सड़क की खस्ताहालत से परेशान होकर कार्यकर्ताओं ने मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया।

भाजपा कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन

भाजपा नेता प्रमोद कुमार मिश्र के नेतृत्व में करुअना और सलेमपुर मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर मगहरा चौराहे पर सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता, किसान, युवा और ग्रामीण सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे कई घंटों तक यातायात बाधित रहा।

पहले तो पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए प्रदर्शनकारियों को हटाने का प्रयास किया, लेकिन लोग टस से मस नहीं हुए। इसके बाद तहसीलदार सलेमपुर अल्का सिंह और सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराने के लिए घंटों तक समझाने का प्रयास किया।

मांग पूरी होने के आश्वासन के बाद खत्म हुआ आंदोलन

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यह मार्ग पिछले आठ वर्षों से अधूरा पड़ा है और आए दिन सड़क की खराब स्थिति के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं। अधिकारियों द्वारा मांग पूरी होने का आश्वासन और पत्रक स्वीकार किए जाने के बाद ही प्रदर्शन समाप्त हुआ और वाहनों का आवागमन सुचारू हो सका।

स्थानीय लोगों में नाराजगी

इस मार्ग की बदहाली को लेकर पहले भी कई बार आंदोलन हो चुके हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। भाजपा नेता अरुण तिवारी, जटाशंकर दुबे, देवेंद्र मिश्र, कृष्ण मुरारी दुबे सहित कई अन्य लोगों ने आंदोलन को संबोधित किया। मानवेंद्र सिंह, जीपी मद्धेशिया, आकाश पासवान, रिंकू सिंह, रमेश शर्मा सहित सैकड़ों लोग आंदोलन में शामिल रहे।

प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार और प्रशासन को इस मार्ग के निर्माण को लेकर गंभीरता से विचार करना चाहिए, ताकि लोगों को आवागमन में राहत मिल सके और दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

Related Articles

Back to top button