बरेली में अंधविश्वास की आड़ में हैवानियत

पति ने दो देवरों संग मिलकर पत्नी को तांत्रिक के हवाले किया
निश्चय टाइम्स, बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। मीरगंज थाना क्षेत्र के खमरिया आमजपुर गांव में एक महिला को संतान प्राप्ति के बहाने तांत्रिक के पास ले जाकर पति ने उसकी अस्मिता को तार-तार करवा दिया। आरोप है कि महिला के साथ उसके दो देवरों ने पति की मौजूदगी में दुष्कर्म किया, और यह सब एक तांत्रिक के “उपाय” के नाम पर किया गया।
पीड़िता मूल रूप से पीलीभीत जिले के जहानाबाद क्षेत्र की निवासी है। उसकी शादी जून 2023 में प्रदीप नामक युवक से हुई थी। शादी के बाद से ही उसके साथ कई बार जबरन अप्राकृतिक संबंध बनाए गए। डेढ़ साल बीतने के बाद भी जब उसे संतान नहीं हुई, तो किसी के कहने पर प्रदीप उसे असदनगर के एक तांत्रिक के पास ले गया।
तांत्रिक ने कहा कि यदि महिला किसी अन्य पुरुष से संबंध बनाएगी तो संतान की संभावना बढ़ जाएगी। इसी बहाने 12 अप्रैल को प्रदीप अपनी पत्नी को दोबारा तांत्रिक के पास ले गया। वहां महिला को नशीला पेय पिलाया गया और फिर दोनों देवरों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया। पति सब कुछ होते हुए देखता रहा।
पीड़िता का कहना है कि इस अमानवीय हरकत का सिलसिला कई बार दोहराया गया। हर बार उसे किसी उपाय के नाम पर तांत्रिक के पास ले जाया जाता और उसकी अस्मिता को रौंदा जाता।
आखिरकार महिला ने हिम्मत जुटाकर पुलिस से शिकायत की। मीरगंज थाने में तांत्रिक समेत छह लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष प्रयागराज सिंह ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और आरोपियों की तलाश जारी है।



